ऑपरेशन जागृति के तहत मोंठ में बहू-बेटी सम्मेलन आयोजित,महिलाओं को सुरक्षा व अधिकारों के प्रति किया जागरूक

ब्यूरो चीफ आयुष त्रिपाठी
झाँसी। झाँसी पुलिस द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन जागृति’ अभियान के अंतर्गत 20 सितंबर 2026 को मोंठ में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। क्षेत्राधिकारी मोंठ सुनील कुमार शर्मा के निर्देशन में यह बहू-बेटी सम्मेलन नगर पंचायत कार्यालय परिसर में आयोजित हुआ। सम्मेलन के दौरान पुलिस अधिकारियों ने चौपाल लगाकर उपस्थित महिलाओं और बालिकाओं से सीधा संवाद स्थापित किया। प्रभारी निरीक्षक मोंठ धर्मेन्द्र सिंह,उपनिरीक्षक अशोक कुमार,उपनिरीक्षक बलवान सिंह तथा महिला आरक्षी सुभाषिनी,मधुबाला एवं रीना की मौजूदगी में महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों, महिला संबंधी अपराधों से बचाव,घरेलू हिंसा और छेड़छाड़ जैसी स्थितियों में की जाने वाली कानूनी प्रक्रियाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। कार्यक्रम में पुलिस टीम ने वर्तमान समय में बढ़ रहे साइबर अपराधों और ऑनलाइन ठगी से बचाव के तरीकों पर विशेष ध्यान केंद्रित किया। महिलाओं को सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग के टिप्स दिए गए और किसी भी संदिग्ध ऑनलाइन या ऑफलाइन गतिविधि की तुरंत पुलिस में सूचना देने का आह्वान किया गया। क्षेत्राधिकारी सुनील कुमार शर्मा एवं पुलिस टीम ने महिलाओं से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की हिंसा, उत्पीड़न या असुरक्षा की स्थिति में बिना किसी डर या संकोच के तुरंत पुलिस से संपर्क करें अथवा हेल्पलाइन नंबरों जैसे महिला हेल्पलाइन1090,आपातकालीन सेवा 112,साइबर हेल्पलाइन 1930 आदि का प्रयोग करें।




