एसएसपी ने शुक्रवार परेड का लिया जायजा,शस्त्रागार और विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण कर दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

ब्यूरो चीफ आयुष त्रिपाठी
झांसी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक झांसी विकास कुमार द्वारा पुलिस लाइन झांसी में आयोजित साप्ताहिक शुक्रवार परेड का निरीक्षण कर सलामी ग्रहण की गई। परेड के उपरांत उन्होंने पुलिस लाइन परिसर स्थित विभिन्न शाखाओं की कार्यप्रणाली और व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया। एसएसपी ने क्वार्टर गार्ड एवं शस्त्रागार का सूक्ष्म निरीक्षण करते हुए वहां रखे शस्त्रों, कारतूसों और सुरक्षा उपकरणों की स्थिति देखी। उन्होंने संबंधित प्रभारियों को असलहों के समुचित रख-रखाव तथा विभागीय अभिलेखों को निरंतर अद्यतन (अपडेट) रखने के स्पष्ट निर्देश दिए। निरीक्षण के अगले चरण में परिवहन शाखा,रेडियो शाखा तथा यूपी-112 सहित अन्य महत्वपूर्ण इकाइयों की कार्यालय व्यवस्थाओं, उपकरणों एवं पत्रावलियों को जांचा गया।

एसएसपी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सरकारी संपत्ति एवं संसाधनों का उचित संरक्षण सुनिश्चित किया जाए। पुलिस विभाग में उच्च स्तर का अनुशासन बनाए रखा जाए। सभी प्रशासनिक एवं मैदानी कार्यों का संचालन समयबद्ध व प्रभावी ढंग से हो। निरीक्षण के अंत में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने समस्त अधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों को संबोधित करते हुए कहा कि जनसुरक्षा और जनसेवा ही पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी कर्मियों को जनशिकायतों का गुणवत्तापूर्ण व पारदर्शी निस्तारण करने,पुलिस रिस्पॉन्स टाइम में सुधार लाने तथा आम जनता के प्रति संवेदनशील रहकर पूर्ण निष्ठा व उत्तरदायित्व के साथ अपने कर्तव्यों का पालन करने के कड़े निर्देश दिए।




