छत्तीसगढ़ हॉकी लीग का रोमांच : मैनपाट टाइटंस ने चक्रधर चैंपियंस को हराया
जसकरण के पांच गोल भी नहीं दिला सके बुल्स को जीत

छत्तीसगढ़ हॉकी लीग का रोमांच : मैनपाट टाइटंस ने चक्रधर चैंपियंस को हराया,जसकरण के पांच गोल भी नहीं दिला सके बुल्स को जीत
छत्तीसगढ़ हॉकी लीग में मैनपाट टाइटंस ने चक्रधर चैंपियंस को हराकर रोमांचक मुकाबले में जीत हासिल की.
Bailadila Bulls and Sanskardhani Strikers
छत्तीसगढ़ हॉकी लीग का रोमांच
गोविंद साहू रायपुर : छत्तीसगढ़ हॉकी लीग में सोमवार को खेले गए दो मुकाबलों में दर्शकों को रोमांचक हॉकी देखने को मिली. पहले मुकाबले में जसकरण सिंह के पांच शानदार गोलों के बावजूद बैलाडीला बुल्स जीत हासिल नहीं कर सकी और संस्कारधानी स्ट्राइकर्स ने आखिरी क्षणों में गोल दागकर मुकाबला 5-5 से ड्रॉ करा दिया. इस ड्रॉ के साथ स्ट्राइकर्स ने टूर्नामेंट में अपना पहला अंक हासिल किया. वहीं, दूसरे मुकाबले में मैनपाट टाइटंस ने चक्रधर चैंपियंस को 3-1 से हराकर अंकतालिका में दूसरा स्थान हासिल कर लिया. इस हार के साथ चक्रधर चैंपियंस को टूर्नामेंट में पहली बार हार का सामना करना पडा.
जसकरण के पांच गोलों पर भारी पड़ा स्ट्राइकर्स का संघर्ष
दिन के पहले मुकाबले में बैलाडीला बुल्स और संस्कारधानी स्ट्राइकर्स के बीच शुरुआत से ही कड़ा मुकाबला देखने को मिला. पहले हाफ में संस्कारधानी स्ट्राइकर्स ने बेहतर खेल दिखाते हुए आर्यन खेस और आशीष तानी पूर्ति के गोलों की मदद से बढ़त बनाई.हालांकि, दूसरे हाफ में बैलाडीला बुल्स के जसकरण सिंह ने अपने आक्रामक खेल से मुकाबले का रुख बदल दिया.
जसकरण ने पेनल्टी कॉर्नर और पेनल्टी स्ट्रोक सहित शानदार गोल करते हुए अपनी हैट्रिक पूरी की और बाद में टीम के लिए पांचवां गोल भी दागा. मैच के अंतिम पांच मिनट में स्कोर 4-4 से बराबर था, तभी जसकरण ने बेहतरीन टॉमहॉक शॉट लगाकर बुल्स को 5-4 की बढ़त दिला दी.लेकिन संस्कारधानी स्ट्राइकर्स ने अंतिम समय तक हार नहीं मानी.मैच समाप्त होने से महज दो मिनट पहले मिले पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर टीम ने स्कोर 5-5 कर दिया.निर्धारित समय तक इसके बाद कोई गोल नहीं हुआ और मुकाबला ड्रॉ पर समाप्त हुआ। पांच गोल दागने वाले जसकरण सिंह को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया.
Chhattisgarh Hockey League match
छत्तीसगढ़ हॉकी लीग का मैच
इस परिणाम के बाद बैलाडीला बुल्स दो अंकों के साथ अंकतालिका में चौथे स्थान पर है, जबकि संस्कारधानी स्ट्राइकर्स एक अंक के साथ पांचवें स्थान पर पहुंच गई है.दोनों टीमों को अब भी टूर्नामेंट में अपनी पहली जीत का इंतजार है.
thrill of Chhattisgarh Hockey League
मुख्य अतिथि धरमलाल कौशिक ने बांटा पुरस्कार
संदीप के दो पेनल्टी कॉर्नर गोल, मैनपाट टाइटंस की दमदार जीत
दूसरे मुकाबले में मैनपाट टाइटंस ने चक्रधर चैंपियंस को 3-1 से हराकर महत्वपूर्ण तीन अंक हासिल किए.इस जीत में संदीप कुमार की अहम भूमिका रही, जिन्होंने पेनल्टी कॉर्नर के जरिए दो गोल दागे. चक्रधर चैंपियंस की ओर से युवराज वाल्मीकि ने एकमात्र गोल किया, जबकि साहिल ज़ाक्सा ने मैनपाट के लिए महत्वपूर्ण गोल करते हुए टीम की बढ़त मजबूत की.
thrill of Chhattisgarh Hockey League
छत्तीसगढ़ हॉकी लीग का रोमांच
मैनपाट की जीत में मिडफील्ड में चक्रधर के अनुभवी खिलाड़ी सुनील को रोकने की रणनीति भी अहम रही. टाइटंस के खिलाड़ियों ने उन्हें लगातार दबाव में रखा और फॉरवर्ड खिलाड़ियों तक गेंद पहुंचाने के मौके सीमित कर दिए. इसके चलते चक्रधर चैंपियंस को वापसी का पर्याप्त अवसर नहीं मिल सका.
Mainpat Titans defeat Chakradhar Champions
मैनपाट टाइटंस ने चक्रधर चैंपियंस को हराया
मुकाबले देखने पहुंचे अतिथि
छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के इन रोमांचक मुकाबलों को देखने के लिए कई गणमान्य अतिथि मौजूद रहे. बैलाडीला बुल्स और संस्कारधानी स्ट्राइकर्स के मैच के दौरान विधायक धरमलाल कौशिक, सारडा के हेड ऑफ ऑपरेशंस मनोज शाह और छत्तीसगढ़ जूडो संघ के अध्यक्ष अरुण द्विवेदी उपस्थित रहे.वहीं, मैनपाट टाइटंस और चक्रधर चैंपियंस के मुकाबले के दौरान छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर, छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के एमडी सौमिल रंजन चौबे, आर्चरी एसोसिएशन ऑफ इंडिया के उपाध्यक्ष कैलाश मुरारका और जिंदल पावर एंड स्टील के उपाध्यक्ष यू.पी. सिंह ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया.

