सिरोही में नए कलेक्टर ने संभाला कार्यभार, जनकल्याण योजनाओं पर दिया जोर
रिपोर्ट:-सुरेश चौहान (9571081159)
सिरोही। जिले के नवनियुक्त कलेक्टर रोहिताश्व सिंह तोमर ने शुक्रवार को औपचारिक रूप से पदभार ग्रहण कर लिया। कार्यभार संभालने के बाद उन्होंने जिले के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर जनकल्याणकारी योजनाओं, अब तक की उपलब्धियों और आगामी कार्ययोजना पर विस्तृत चर्चा की।

कलेक्टर तोमर ने स्पष्ट किया कि सरकारी योजनाओं का प्रभावी और समयबद्ध क्रियान्वयन उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, यह सुनिश्चित किया जाए।
उल्लेखनीय है कि रोहिताश्व सिंह तोमर वर्ष 2016 बैच के आईएएस अधिकारी हैं और सिरोही में पदस्थापना से पहले वे बारां जिले में कलेक्टर के रूप में सेवाएं दे रहे थे।

पदभार ग्रहण करने के तुरंत बाद उन्होंने कलेक्ट्रेट कार्यालय और कोष कार्यालय का निरीक्षण भी किया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस दौरान एडीएम डॉ. राजेश गोयल, मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रकाश चंद्र अग्रवाल, एसडीएम हरिसिंह और तहसीलदार जगदीश कुमार सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।


