*संस्कार, स्वास्थ्य और शिक्षा का अनूठा संगम बना योग एवं कैरियर मार्गदर्शन शिविर*!!
संगीता सिंह (क्राइम रिपोर्टरRJN ) महर्षि वाग्भट्ट गौ संवर्धन एवं अनुसंधान संस्थान द्वारा मोतीपुर अमृत उद्यान में संचालित शिक्षा संस्कार पाठशाला अंतर्गत 1 मई से 16 जून 2026 तक प्रतिदिन सुबह 6 बजे से 7.30 बजे तक बच्चों के लिए योग एवं कैरियर मार्गदर्शन शिविर का आयोजन किया जा रहा है। सुबह की ताजी हवा और सकारात्मक वातावरण में बच्चे उत्साहपूर्वक योग, प्राणायाम एवं खेल गतिविधियों में भाग लेकर अपने दिन की शुरुआत कर रहे हैं।
संस्थान के सदस्य धर्मराज यादव द्वारा बच्चों को नियमित योगाभ्यास, प्राणायाम एवं विभिन्न खेल गतिविधियां कराई जा रही हैं। साथ ही बच्चों को योग के महत्व, स्वस्थ जीवन शैली, भारतीय संस्कृति में गाय की महत्ता, धर्म व आध्यात्म तथा अनुशासित एवं आदर्श जीवन जीने की प्रेरणा दी जा रही है।
शिविर में केवल शारीरिक विकास ही नहीं, बल्कि बच्चों के मानसिक एवं बौद्धिक विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। शिक्षक हेमंत मानिकपुरी द्वारा प्राचीन गुरूकुलीय वातावरण की तर्ज पर पेड़ की छांव में बच्चों को व्यक्तित्व विकास, कैरियर चयन, लक्ष्य निर्धारण एवं आत्मविश्वास बढ़ाने संबंधी मार्गदर्शन दिया जा रहा है। साथ ही अंग्रेजी, गणित, सामान्य ज्ञान एवं अन्य विषयों की जानकारी सरल, रोचक एवं व्यवहारिक तरीके से प्रदान की जा रही है, जिससे बच्चों में सीखने की उत्सुकता निरंतर बढ़ रही है।
संस्थान के अध्यक्ष राधेश्याम गुप्ता ने बताया कि शिविर के माध्यम से बच्चों में शिक्षा, संस्कार, स्वास्थ्य और आत्मविश्वास का समन्वय विकसित करने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं। शिविर का उद्देश्य बच्चों में समय का सदुपयोग, अनुशासन, सकारात्मक सोच, टीम भावना एवं सामाजिक जिम्मेदारी जैसे गुण विकसित करना है। उन्होंने अभिभावकों से अपने बच्चों को शिविर में सहभागी बनाने की अपील की है।


