गंगा-घाघरा की बाढ़ से बैरिया को फिर डुबोने की तैयारी में सरकार : जयप्रकाश अंचल
15 सूत्रीय मांगों को लेकर सपा का तहसील मुख्यालय पर प्रदर्शन, राज्यपाल को भेजा ज्ञापन

संवाददाता – सत्येन्द्र गुप्ता(रानीगंज बाजार)

बैरिया (बलिया)। समाजवादी पार्टी की बैरिया इकाई ने सोमवार को विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर तहसील मुख्यालय पर विशाल धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान सपा कार्यकर्ताओं ने 15 सूत्रीय मांगों से संबंधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी के माध्यम से राज्यपाल को भेजा। तहसीलदार धर्मेंद्र कुमार ने ज्ञापन प्राप्त कर उसे राज्यपाल तक पहुंचाने का आश्वासन दिया।
धरने को संबोधित करते हुए बैरिया विधायक जयप्रकाश अंचल ने कहा कि क्षेत्र की सड़कें जर्जर हैं, विद्युत व्यवस्था बदहाल है तथा किसान बिजली, पानी, खाद और बीज की समस्या से जूझ रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि गोड़, खरवार एवं तुरहा समाज के लोगों को जाति प्रमाण पत्र बनवाने में अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
विधायक ने कहा कि पिछले वर्ष चक्की नौरंगा में गंगा नदी की कटान से लगभग 150 घर नदी में समाहित हो गए थे, जबकि घाघरा नदी की कटान से गोपालनगर, टाड़ी, शिवाल मठिया और वशिष्ठ नगर के अनेक परिवार प्रभावित हुए। उन्होंने आरोप लगाया कि एक वर्ष बीत जाने के बावजूद पीड़ितों को न तो समुचित मुआवजा मिला और न ही पुनर्वास की प्रभावी व्यवस्था की गई।
उन्होंने कहा कि बाढ़ के दौरान प्रशासन और आम जनता की सहायता करने वाले नाविकों को आज तक उनका मेहनताना नहीं मिला है। बाढ़ सुरक्षा के लिए बनाए गए ठोकरों की मरम्मत का कार्य भी निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा नहीं हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि इससे ऐसा प्रतीत होता है कि सरकार बैरिया क्षेत्र को एक बार फिर बाढ़ की विभीषिका के हवाले करने की तैयारी में है।
सपा नेताओं ने बलिया जनपद में पीडीए समाज के लोगों पर फर्जी मुकदमे दर्ज किए जाने का आरोप लगाते हुए ऐसी कार्रवाई पर रोक लगाने, फर्जी एनकाउंटर की निष्पक्ष जांच कराने तथा जाति प्रमाण पत्र जारी करने की प्रक्रिया को सरल एवं पारदर्शी बनाने की मांग की।
ज्ञापन में किसानों की उपज का लाभकारी मूल्य सुनिश्चित करने, खाद-बीज एवं सिंचाई की समुचित व्यवस्था, बेरोजगार युवाओं के लिए सरकारी भर्तियां शुरू करने, स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार, महिलाओं की सुरक्षा, भ्रष्टाचार पर अंकुश, महंगाई से राहत, बाढ़ एवं कटान प्रभावित क्षेत्रों के स्थायी संरक्षण तथा युवाओं के लिए रोजगार एवं कौशल विकास योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने की मांग प्रमुख रूप से शामिल रही।
कार्यक्रम में पूर्व मंत्री तारकेश्वर मिश्र, दशरथ यादव, जयप्रकाश यादव मुन्ना, अंगद मिश्रा, शामू ठाकुर, शैलेश सिंह, विनोद यादव, कमलेश वर्मा, उमेश यादव, मुन्ना गोड़, अवधेश यादव, डॉ. सूर्यनारायण सिंह, चंद्रशेखर यादव, अभय सिंह, अनूप वर्मा, गुप्तेश्वर ठाकुर, अनिल तुरहा, मंटू राजभर, जितेंद्र शर्मा, प्रभुनाथ प्रजापति, सुरेश राम, दीनानाथ निषाद, राजनारायण पासवान, मुश्ताक अहमद, अमित पाल, विनोद साहनी, जितेंद्र पटेल और अजय यादव सहित बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


