Uncategorized

आष्टा के वैष्णवी नगर में सूने मकान का ताला तोड़कर 95 हजार की चोरी, सोने के झुमके, नकदी व एलईडी ले उड़े चोर

एमपी छत्तीसगढ़ डिप्टी स्टेट हेड जितेंद्र राठौर पहलवान की रिपोर्ट

आष्टा। शहर के वैष्णवी नगर क्षेत्र में अज्ञात चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए करीब 95 हजार रुपये मूल्य के सामान पर हाथ साफ कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार फरियादी अभिषेक राठौर (30 वर्ष) निवासी इन्द्रा कॉलोनी, हाल निवासी वैष्णवी नगर, आष्टा ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह गल्ला मंडी में अनाज खरीदने का कार्य करता है। वर्तमान में वह अपने परिवार सहित इन्द्रा कॉलोनी स्थित पैतृक घर में रह रहा था, जबकि उसकी पत्नी बच्चों के साथ मायके गई हुई है।

फरियादी ने बताया कि 2 जुलाई की रात करीब 9 बजे वह अपने वैष्णवी नगर स्थित मकान पर लाइनमैन से बिजली ठीक करवाने गया था। इसके बाद मकान में ताला लगाकर वापस अपने पैतृक घर आ गया। 4 जुलाई की सुबह करीब 9 बजे उसके चाचा जितेंद्र राठौर ने फोन कर बताया कि मकान के सभी दरवाजे खुले हुए हैं।

मौके पर पहुंचकर देखने पर मकान का मुख्य ताला टूटा मिला तथा घर के सभी दरवाजे खुले हुए थे। गोदरेज अलमारी का लॉक भी खुला मिला और उसमें रखा सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर पत्नी के करीब 2.5 ग्राम वजन के सोने के झुमके, लगभग 200 ग्राम वजन की चांदी की पायजेब, 50 हजार रुपये नकद तथा 42 इंच की इन्टेक्स कंपनी की एलईडी टीवी गायब मिली। चोरी गए सामान की अनुमानित कीमत करीब 95 हजार रुपये बताई गई है। फरियादी ने बताया कि पत्नी के लौटने पर आभूषणों के बिल पुलिस को उपलब्ध कराए जाएंगे।

पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। क्षेत्र में हुई इस चोरी की घटना से स्थानीय लोगों में भी चिंता का माहौल है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!