India vs Zimbabwe: नवा रायपुर में भारत जिम्बाब्वे महिला टी 20 सीरीज की तैयारियां पूरी
सुरक्षा से लेकर दर्शकों की सुविधाओं तक पुख्ता इंतजाम

India vs Zimbabwe: नवा रायपुर में भारत जिम्बाब्वे महिला टी 20 सीरीज की तैयारियां पूरी, सुरक्षा से लेकर दर्शकों की सुविधाओं तक पुख्ता इंतजाम
16, 18 और 20 अक्टूबर को रायपुर में तीन अंतरराष्ट्रीय मुकाबले होंगे. मुख्य सचिव की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय बैठक हुई.
गोविद साहू (रायपुर /भिलाई ) रायपुर: नवा रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में भारत और जिम्बाब्वे महिला टीम के बीच होने वाली टी 20 सीरीज को लेकर प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं. तीन अंतरराष्ट्रीय मुकाबले 16, 18 और 20 अक्टूबर को खेले जाएंगे. आयोजन को लेकर सुरक्षा, यातायात, स्वास्थ्य और दर्शकों की सुविधाओं पर विशेष फोकस किया गया है.
सीरीज के सफल आयोजन को लेकर मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय बैठक हुई. बैठक में विभिन्न विभागों की तैयारियों की समीक्षा की गई और मैच के सुचारू संचालन के लिए जरूरी दिशा-निर्देश जारी किए गए.
उच्चस्तरीय बैठक में तैयारियों की समीक्षा
सभी विभागों में बेहतर समन्वय के निर्देश
मुख्य सचिव ने खेल एवं युवा कल्याण विभाग के अधिकारियों को अन्य विभागों के साथ जरूरी समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. पुलिस विभाग और आयोजक संस्थाओं को सुरक्षा एवं आयोजन से जुड़े सभी कार्य समय पर पूरा करने को कहा गया.
16, 18 और 20 अक्टूबर को होंगे मुकाबले
भारत महिला और जिम्बाब्वे महिला टीम के बीच तीन अंतरराष्ट्रीय टी-20 मुकाबले खेले जाएंगे. ये मैच 16, 18 और 20 अक्टूबर 2026 को नवा रायपुर के परसदा स्थित शहीद वीर नारायण सिंह अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित होंगे.
लोकल सपोर्ट कमेटी का गठन
मैच के सफल संचालन और अंतर-विभागीय समन्वय के लिए रायपुर कलेक्टर की अध्यक्षता में लोकल सपोर्ट कमेटी गठित की गई है. समिति में पुलिस, खेल एवं युवा कल्याण, परिवहन, पीडब्ल्यूडी, एनआरडीए और छत्तीसगढ़ राज्य क्रिकेट संघ के प्रतिनिधियों को शामिल किया गया है.
ई-टिकट के लिए ओपन वाई-फाई की सुविधा
दर्शकों को ई-टिकट आसानी से स्कैन कर स्टेडियम में प्रवेश मिल सके, इसके लिए परिसर में ओपन वाई-फाई की व्यवस्था की जाएगी. टिकटों का वितरण ऑनलाइन किया जाएगा.
टिकट पर स्टेडियम का पूरा नाम दर्ज होगा
दर्शकों को जारी किए जाने वाले टिकटों पर स्टेडियम का नाम शहीद वीर नारायण सिंह अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, नवा रायपुर अटल नगर स्पष्ट रूप से दर्ज रहेगा.
पार्किंग और सीसीटीवी पर विशेष ध्यान
स्टेडियम परिसर और सभी पार्किंग क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरे अनिवार्य रूप से लगाए जाएंगे. टिकट धारकों को निर्धारित अनुपात में पार्किंग पास भी उपलब्ध कराए जाएंगे, ताकि मैच के दौरान पार्किंग व्यवस्था व्यवस्थित बनी रहे.
सुरक्षा और यातायात व्यवस्था मजबूत होगी
मैच के दौरान सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था पुलिस, एनआरडीए, सीएससीएस और बीसीसीआई के समन्वय से सुनिश्चित की जाएगी. स्टेडियम के आसपास यातायात को सुचारू रखने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की जाएंगी.
खाद्य सामग्री और पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था
स्टेडियम के भीतर दर्शकों के लिए खाद्य सामग्री और पेयजल की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं. आयोजन के दौरान दर्शकों की मूलभूत सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाएगा.
स्वास्थ्य सेवाओं के लिए एम्बुलेंस तैनात
स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्टेडियम के आसपास स्थित अस्पतालों की मैपिंग की जाएगी. आपात स्थिति से निपटने के लिए आयोजन स्थल पर एम्बुलेंस की व्यवस्था रहेगी.
आपातकालीन इलाज और वीवीआईपी मूवमेंट के लिए ग्रीन कॉरिडोर
आपातकालीन इलाज और वीवीआईपी आवागमन को ध्यान में रखते हुए ग्रीन कॉरिडोर का मार्ग निर्धारित किया गया है. किसी भी आपात स्थिति में त्वरित आवागमन सुनिश्चित किया जाएगा.
निर्बाध बिजली आपूर्ति की तैयारी
मैच के दौरान स्टेडियम में विद्युत व्यवस्था सीएसपीडीसीएल और ऊर्जा विभाग द्वारा सुनिश्चित की जाएगी. बिजली आपूर्ति से संबंधित व्यवस्थाओं को समय रहते पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं.
मोबाइल नेटवर्क की उपलब्धता सुनिश्चित होगी
स्टेडियम परिसर और आसपास के क्षेत्रों में मोबाइल नेटवर्क की उपलब्धता सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी बीएसएनएल को दी गई है. दर्शकों और आयोजन से जुड़े लोगों को नेटवर्क संबंधी परेशानी न हो, इसके लिए आवश्यक तैयारी की जाएगी.
फायर सेफ्टी और आपातकालीन रूट तय
फायर ब्रिगेड, पर्याप्त जल उपलब्धता और आपातकालीन स्थिति में आवाजाही के लिए रूट का चिन्हांकन किया जाएगा. गृह एवं अग्निशमन विभाग को इसके लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं.
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से अधिकारियों ने लिया हिस्सा
बैठक में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से परिवहन विभाग के सचिव एस. प्रकाश, खेल एवं युवा कल्याण विभाग के यशवंत कुमार, पुलिस कमिश्नर संजीव शुक्ला, संचालक जनसंपर्क आशीष टिकरिया और एमडी टूरिज्म सौमिल रंजन चौबे सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए.
अंतरराष्ट्रीय आयोजन को लेकर प्रशासन अलर्ट
रायपुर कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, एनआरडीए, खेल एवं युवा कल्याण विभाग, फायर एवं सेफ्टी, एयरपोर्ट अथॉरिटी, सीएसपीडीसीएल, पीडब्ल्यूडी और छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ के अधिकारियों ने भी बैठक में हिस्सा लिया. प्रशासन का फोकस अंतरराष्ट्रीय महिला क्रिकेट सीरीज को सुरक्षित, व्यवस्थित और सफल तरीके से संपन्न कराने पर है.

