राजस्थान
बसंतगढ़ में युवक पर पैंथर का हमला, वन विभाग अलर्ट

पिंडवाड़ा। बसंतगढ़ क्षेत्र में गुरुवार रात एक युवक पर पैंथर (तेंदुए) के हमले से इलाके में दहशत फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र में निगरानी अभियान शुरू कर दिया।
वन विभाग ने पैंथर की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए घटनास्थल के आसपास दो ट्रैप कैमरे और दो पिंजरे लगाए हैं। रेंजर प्रेम सागर के नेतृत्व में वन विभाग की टीम लगातार क्षेत्र में गश्त कर रही है और पैंथर की लोकेशन ट्रेस करने का प्रयास किया जा रहा है।
वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए फिलहाल खेतों में अकेले न जाएं और खासकर रात के समय सावधानी बरतें। विभाग की टीम स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।

