तहसील स्तरीय 12वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया
योग स्वस्थ जीवन का आधार, इसे दिनचर्या का हिस्सा बनाएं : एसडीएम संजय कुशवाहा

संवाददाता-सत्येन्द्र गुप्ता(रानीगंज बाजार)
बैरिया (बलिया)। कम्पोजिट विद्यालय बैरिया के परिसर में शनिवार को तहसील स्तरीय 12वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस बड़े उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम में तहसील एवं शिक्षा विभाग के अधिकारियों, शिक्षकों तथा कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से योगाभ्यास कर योग के महत्व को आत्मसात करने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उपजिलाधिकारी बैरिया संजय कुशवाहा ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है। यह केवल शारीरिक व्यायाम नहीं बल्कि स्वस्थ शरीर, शांत मन और संतुलित जीवन का आधार है। उन्होंने कहा कि वर्तमान भागदौड़ भरे जीवन में योग को अपनी दैनिक दिनचर्या में शामिल कर हम अनेक बीमारियों से बच सकते हैं तथा मानसिक तनाव को भी दूर कर सकते हैं।
खंड शिक्षा अधिकारी बैरिया पंकज मिश्रा ने कहा कि विद्यालयों में योग के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि छात्र-छात्राएं प्रारंभ से ही स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित हों।
कार्यक्रम में अमरजीत यादव के निर्देशन में विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम कराए गए। उपस्थित अधिकारियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने पूरे उत्साह के साथ योगाभ्यास किया। योग सत्र में ताड़ासन, वृक्षासन, भुजंगासन, वज्रासन सहित विभिन्न आसनों तथा अनुलोम-विलोम, कपालभाति एवं ध्यान का अभ्यास कराया गया।
कार्यक्रम में कम्पोजिट विद्यालय बैरिया के प्रधानाध्यापक भरत प्रसाद गुप्त, जीवन ज्योति, संजीव तिवारी,निर्भय, सतीश, राजनारायण सहित बड़ी संख्या में शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
अंत में सभी प्रतिभागियों ने नियमित योग करने तथा समाज में योग के प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रहित एवं जनकल्याण की कामना के साथ किया गया।

