विधायक ने पूरी की बरसों की मुराद, सोनाडीह फीडर का विभाजन हुआ पूर्ण
फीता काट कर विधायक ने किया उद्घाटन, हजारों उपभोक्ताओं को मिलेगी लो-वोल्टेज और कटौती से राहत

बलिया। बेल्थरा रोड स्थित 33/11 अवायां विद्युत उपकेंद्र से जुड़े सोनाडीह फीडर के विद्युत उपभोक्ताओं के लिए एक बहुत बड़ी और राहत बड़ी खबर सामने आई है जिसके तहत सोनाडीह फीडर का विभाजन का कार्य आखिरकार पूरा हो गया है। लंबे समय से क्षेत्र की जनता द्वारा प्रतीक्षित इस कार्य के संपन्न होने पर क्षेत्रीय विधायक हंसू राम ने इसका विधिवत उद्घाटन किया। सोनाडीह फीडर के इस नए विभाजन से अब क्षेत्र के दर्जनों गांवों के हजारों उपभोक्ताओं को ट्रिपिंग, लो-वोल्टेज और अघोषित बिजली कटौती की समस्या से बड़ी राहत मिलेगी।

लंबे समय से उठ रही थी मांग, नहीं हुई थी आजतक सुनवाई, अब मिली कई सौगातें

सोनाडीह फीडर पर अत्यधिक लोड होने के कारण अक्सर विद्युत आपूर्ति बाधित रहती थी। ओवरलोडिंग के चलते फाल्ट आना, लो-वोल्टेज रहना और बार-बार बिजली कट जाना इस क्षेत्र की आम समस्या बन चुकी थी। ग्रामीण और स्थानीय जनप्रतिनिधि लंबे समय से इस फीडर के विभाजन (बंटवारे) की मांग कर रहे थे, ताकि लोड संतुलित हो सके और सुचारू रूप से बिजली मिल सके।
उद्घाटन के दौरान विधायक हंसू राम ने जनता को संबोधित करते हुए कहा कि क्षेत्र का चहुंमुखी विकास और आमजन की समस्याओं का समाधान उनकी प्राथमिकता है इस अवसर पर विधायक ने आगे कहा कि प्रदेश सरकार का उद्देश्य प्रत्येक उपभोक्ता तक निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि नए फीडर के संचालन से सोनाडीह फीडर पर विद्युत भार कम होगा, फाल्ट की संभावनाएँ घटेंगी तथा उपभोक्ताओं को पहले की अपेक्षा अधिक सुचारू बिजली आपूर्ति का लाभ मिलेगा।
उन्होंने बताया कि प्रथम चरण में कुण्डैल नियामत अली, बहोरवाँ खुर्द (कुछ भाग), बाँसपार बहोरवाँ, कुण्डैल ढाला, बहोरवाँ रोड एवं तिरनई खुर्द को नए फीडर से जोड़ा गया है।
कार्यक्रम के दौरान विधायक हंसू राम ने क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएँ भी कीं। उन्होंने 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र बेल्थरा रोड परिसर में सड़क निर्माण, बेल्थरा रोड एवं नगरा विद्युत उपकेंद्र के लिए एक-एक मोबाइल ट्रांसफार्मर उपलब्ध कराने तथा बेल्थरा रोड विद्युत विभाग को एक लिफ्टिंग मशीन उपलब्ध कराने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि इन सुविधाओं से ट्रांसफार्मर बदलने एवं विद्युत उपकरणों के रखरखाव का कार्य और अधिक तेज़ व प्रभावी होगा, जिससे उपभोक्ताओं को बेहतर विद्युत सेवा प्राप्त होगी, इस दौरान विभाग की के द्वारा समस्या बताए जाने पर विधायक ने मौके पर ही अवाया उपकेंद्र पर सड़क से अंदर तक जाने वाले रास्ते को तत्काल बनाए जाने को स्वीकृति दे दी तथा आदेश जारी कर दिया जिसकी सभी ने बेहद सराहना की।
क्या होगा इस बदलाव का असर
- दो हिस्सों में लोड बंटने से लाइन पर दबाव कम होगा |
- लाइन की लंबाई कम होने से फाल्ट जल्दी पकड़े जाएंगे और ट्रिपिंग घटेगी |
- अंतिम छोर (Tail end) के गांवों तक भी पूरा वोल्टेज मिलेगा।
इस कार्यक्रम के दौरान विधायक हंसू राम ने बेहतरीन कार्यशैली के लिए विद्युत विभाग के अवर अभियंता बेल्थरा रोड रामविलास खरवार एवं पशुहारी उपकेंद्र के अवर अभियंता के साथ ही बिजली विभाग के कर्मठ लाइनमैन श्रीराम यादव को माल्यार्पण कर सम्मानित किया कार्यक्रम का संचालन जहां विधायक के सहयोगी अरबाज खान कर रहे थे वही शायर अरशद हिंदुस्तानी ने अपने गीतों के माध्यम से कार्यक्रम की खूबसूरती में और भी चार चांद लगा दिए।


फीडर विभाजन का कार्य पूरा होने और इसका औपचारिक शुभारंभ होने पर क्षेत्रीय ग्रामीणों ने खुशी जताई है, इस अवसर पर अवर अभियंता रामबिलास खरवार,भाजपा के वरिष्ठ नेता प्रमोद सिंह, प्रधान मुन्ना यादव, समाजसेवी विनोद मानव,जमशेद अहमद, महिला महाविद्यालय के रमेश यादव, श्रवण मौर्या,अयान नसीम, आदि नागरिक गण जबकि विद्युत विभाग से श्रीराम यादव , राजेश सोनी, राहुल मिश्रा, मृत्युंजय, मनीष सहित विभाग के सभी अधिकारी एवं कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन जनहित एवं बेहतर विद्युत व्यवस्था के संकल्प के साथ हुआ।



