सक्ती : स्कूल परिसर में शराब पार्टी का वीडियो वायरल
टेबल पर शराब की बोतलें और चिकन दिखे; 4 व्याख्याताओं समेत स्वीपर को नोटिस*
*क्राइम रिपोर्टर संगीता सिंह राजनांदगांव*

*छत्तीसगढ़
सक्ती : स्कूल परिसर में शराब पार्टी का वीडियो वायरल, टेबल पर शराब की बोतलें और चिकन दिखे; 4 व्याख्याताओं समेत स्वीपर को नोटिस*
सक्ती । छत्तीसगढ़ में स्कूल परिसर से एक बार फिर ऐसा वीडियो सामने आया है, जिसने शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। कुछ दिन पहले गरियाबंद जिले के स्कूल में दो शिक्षकों का शराब पीते वीडियो वायरल हुआ था, जिसके बाद दोनों को निलंबित कर दिया गया था। अब सक्ती जिले के मालखरौदा विकासखंड के किरारी हाई स्कूल से कथित शराब पार्टी का वीडियो सामने आया है।
वायरल वीडियो में स्कूल परिसर के भीतर टेबल पर शराब की बोतलें और चिकन नजर आ रहे हैं। दावा है कि कुछ शिक्षक स्कूल में ही पार्टी करते दिखाई दे रहे हैं। जिस परिसर में बच्चों को अनुशासन, शिक्षा और संस्कार का पाठ पढ़ाया जाना चाहिए, वहीं इस तरह की तस्वीरें सामने आने से ग्रामीणों में नाराजगी है।
–
वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो मामला शिक्षा विभाग तक पहुंचा। इसके बाद जिला शिक्षा अधिकारी कुमुदिनी द्विवेदी ने चार व्याख्याताओं—नरेन्द्र लहरें, राजेश धीरहे, राजू साहू और दिनेश चक्रधारी—सहित अंशकालीन स्वीपर चंद्रकुमार रात्रे को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
अब सभी से जवाब मांगा गया है। विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है और कहा है कि यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
–
फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है—जिस स्कूल में बच्चों का भविष्य तैयार होना चाहिए, वहां आखिर शराब की बोतलें कैसे पहुंचीं? वायरल वीडियो की सच्चाई जांच के बाद सामने आएगी, लेकिन इस घटना ने शिक्षा व्यवस्था की निगरानी पर जरूर सवाल खड़े कर दिए हैं।
