
1121200सूरजपुर | 09 अगस्त 2026। मदननगर में भूमि अधिग्रहण को लेकर जारी विवाद अब राजनीतिक स्तर पर भी तूल पकड़ता नजर आ रहा है। ग्रामीणों के विरोध और सरपंच की बर्खास्तगी के बाद आम आदमी पार्टी ने ग्रामीणों के पक्ष में मोर्चा संभालते हुए पूरे मामले को गंभीरता से उठाने का ऐलान किया है। पार्टी का प्रतिनिधिमंडल रविवार को मदननगर पहुंचा और बर्खास्त सरपंच सुंदरी बाई से मुलाकात कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली।
संजय सिंह ने फोन पर ली पूरे मामले की जानकारी
आम आदमी पार्टी के जिला अध्यक्ष रवि जायसवाल के नेतृत्व में सूरजपुर जिला कमेटी एवं प्रतापपुर ब्लॉक कमेटी के प्रतिनिधिमंडल ने मदननगर पहुंचकर ग्रामीणों और बर्खास्त सरपंच से चर्चा की।
इसी दौरान राज्यसभा सांसद एवं आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता संजय सिंह ने फोन पर सरपंच पति एवं प्रतिनिधि बाबूलाल पोया से बातचीत की। उन्होंने मदननगर भूमि अधिग्रहण विवाद और ग्रामीणों की स्थिति की जानकारी ली।
पार्टी के अनुसार, संजय सिंह ने आश्वासन दिया कि भूमि अधिग्रहण और ग्रामीणों के अधिकारों से जुड़े इस मामले को राज्यसभा में भी उठाया जाएगा। साथ ही प्रभावित ग्रामीणों और सरपंच को हरसंभव सहयोग देने की बात कही गई।
24 जुलाई को हुआ था पुलिस और ग्रामीणों के बीच टकराव
गौरतलब है कि सूरजपुर जिले के मदननगर में एसईसीएल द्वारा भूमि अधिग्रहण के लिए किए जा रहे सर्वे और सीमांकन का ग्रामीण लगातार विरोध कर रहे हैं।
24 जुलाई 2026 को भारी पुलिस बल की मौजूदगी में सीमांकन के प्रयास के दौरान पुलिस और ग्रामीणों के बीच हिंसक झड़प हुई थी। इस घटना में 24 पुलिसकर्मियों सहित कई ग्रामीणों के घायल होने की बात सामने आई थी। घटना के बाद लगभग 150 ग्रामीणों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज किए जाने की जानकारी है।
सरपंच की बर्खास्तगी के विरोध में 20 पंचों ने दिया इस्तीफा
घटनाक्रम के बाद मदननगर की सरपंच सुंदरी बाई को पद से बर्खास्त कर दिया गया। सरपंच की बर्खास्तगी के विरोध में पंचायत के सभी 20 पंचों ने सामूहिक इस्तीफा देकर अपना विरोध दर्ज कराया।
आम आदमी पार्टी के नेताओं का कहना है कि ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान लोकतांत्रिक तरीके से होना चाहिए और उनके अधिकारों की अनदेखी नहीं की जानी चाहिए।
पांचवीं अनुसूची और पेसा कानून के पालन की मांग
पार्टी के जिला संगठन महासचिव पुनीत दुबे ने कहा कि ग्रामीणों के अधिकारों की रक्षा के लिए पांचवीं अनुसूची और पेसा कानून के प्रावधानों का सम्मान किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी ग्रामीणों की आवाज को हर स्तर पर उठाएगी।
वहीं लोकसभा सचिव लव कुमार दुबे ने कहा कि आम आदमी पार्टी मदननगर के ग्रामीणों के न्याय और अधिकार की लड़ाई में मजबूती से उनके साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान बातचीत और लोकतांत्रिक प्रक्रिया के माध्यम से किया जाना चाहिए।
बुधवार को फिर मदननगर पहुंचेगा आम आदमी पार्टी का प्रतिनिधिमंडल
मदननगर भूमि अधिग्रहण मामले में प्रभावित ग्रामीणों की समस्याओं और मांगों को विस्तार से समझने के लिए आम आदमी पार्टी का प्रतिनिधिमंडल बुधवार को दोबारा मदननगर पहुंचेगा।
प्रतिनिधिमंडल ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं और मांगों की जानकारी लेगा। इसके साथ ही पूरे मामले को लेकर आगे की रणनीति पर भी चर्चा की जाएगी।
प्रतिनिधिमंडल में ये नेता रहे शामिल
मदननगर पहुंचे प्रतिनिधिमंडल में लव कुमार, लोकसभा उपाध्यक्ष दिनेश देवांगन, जिला अध्यक्ष रवि जायसवाल, जिला संगठन महासचिव पुनीत दुबे, विधानसभा संगठन मंत्री सुखेश्वर यादव, जिला मीडिया प्रभारी आशीष कुशवाहा, वारिश खान, अभय सिंह, संदीप कुमार, जुगेंद्र सिंह, बृजमोहन एवं मुकेश कुमार शामिल रहे।
मदननगर का भूमि अधिग्रहण विवाद अब ग्रामीणों, प्रशासन और राजनीतिक दलों के बीच एक महत्वपूर्ण मुद्दा बनता जा रहा है। बुधवार को आम आदमी पार्टी के दोबारा मदननगर पहुंचने के बाद इस मामले में आगे क्या रुख सामने आता है, इस पर सभी की नजर रहेगी।


