Uncategorized

डॉ. मधु सिंह के नेतृत्व में बैरिया में निकली भव्य तिरंगा यात्रा, झंडा थामे बच्चों ने बढ़ाया राष्ट्रभक्ति का उत्साह

संवाददाता-सत्येन्द्र गुप्ता (रानीगंज बाजार)


बैरिया। स्वतंत्रता दिवस के पूर्व शुक्रवार को बैरिया ब्लॉक परिसर से ब्लॉक प्रमुख डॉ. मधु सिंह के नेतृत्व में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा में बड़ी संख्या में कर्मचारी, शिक्षक और बच्चे हाथों में तिरंगा लेकर शामिल हुए। देशभक्ति के नारों के बीच तिरंगा यात्रा कोटवां ब्लाक से रानीगंज बाजार का भ्रमण करते हुए कम्पोजिट विद्यालय रानीगंज पहुंचकर समाप्त हुई। झंडा थामे बच्चों की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने यात्रा को विशेष आकर्षण प्रदान किया।
तिरंगा यात्रा से पूर्व ब्लॉक के डाक बंगला परिसर में विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम को ब्लॉक प्रमुख डॉ. मधु सिंह, खंड विकास अधिकारी आदित्य सिंह, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष जय प्रकाश साहू एवं भाजपा नेता अरविंद सिंह सेंगर ने संबोधित किया। वक्ताओं ने वर्ष 1947 के विभाजन के दौरान हुई पीड़ा, विस्थापन और जनहानि को याद करते हुए उसकी त्रासदी पर प्रकाश डाला।
ब्लॉक प्रमुख डॉ. मधु सिंह ने कहा कि विभाजन की विभीषिका हमारे इतिहास का ऐसा अध्याय है, जिसे याद रखना जरूरी है। इससे हमें देश की एकता, अखंडता और भाईचारे को और मजबूत करने की प्रेरणा मिलती है। बच्चों की उत्साहपूर्ण भागीदारी आने वाली पीढ़ी में राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत करने का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। प्रत्येक नागरिक को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घर और प्रतिष्ठान पर राष्ट्रीय ध्वज लगाकर राष्ट्र के प्रति सम्मान व्यक्त करना चाहिए।
तिरंगा यात्रा के बाद ब्लॉक प्रमुख डॉ. मधु सिंह ने रानीगंज बाजार में दुकानदारों को राष्ट्रीय ध्वज वितरित किए और दुकानों एवं मकानों पर तिरंगा लगाने की अपील की। उन्होंने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को जनभागीदारी के साथ सफल बनाना हम सभी की जिम्मेदारी है।
तिरंगा यात्रा में बच्चों की विशेष भागीदारी से रानीगंज बाजार सहित पूरे क्षेत्र में देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम का माहौल देखने को मिला।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!