Uncategorized

विवेकानन्द पॉलीक्लीनिक एवं आयुर्विज्ञान संस्थान द्वारा एक दिवसीय निःशुल्क चिकित्सा शिविर  संपन्न

अमित चावला /लखनऊ.

*“मानव सेवा ही ईश्वर सेवा है। आयुष चिकित्सा पद्धतियों के माध्यम से हम समाज के प्रत्येक वर्ग, विशेषकर जरूरतमंदों तक सस्ता, सरल और प्रभावी उपचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं” – स्वामी मुक्तिनाथानन्द *

लखनऊ.विवेकानन्द पॉलीक्लीनिक एवं आयुर्विज्ञान संस्थान, लखनऊ के आयुष विभाग द्वारा शनिवार, 28 मार्च 2026 को एक दिवसीय निःशुल्क आयुष चिकित्सा परामर्श एवं जागरूकता शिविर का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। यह शिविर प्रातः 9 बजे से सायं 4 बजे तक आयोजित हुआ।

स्वामी मुक्तिनाथानन्द महाराज के मार्गदर्शन में आयोजित इस शिविर में बड़ी संख्या में मरीजों ने निःशुल्क परामर्श एवं दवाओं का लाभ उठाया। यह संस्थान द्वारा आयोजित 29वां आयुष शिविर था, जिसमें रोगियों का निःशुल्क पंजीकरण कर उन्हें विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा परामर्श प्रदान किया गया तथा आवश्यकतानुसार निःशुल्क औषधियाँ भी वितरित की गईं।

शिविर में आयुर्वेद पंचकर्म, योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा, होम्योपैथी, यूनानी, एक्यूपंक्चर, एक्यूप्रेशर, रेकी एवं प्राणिक हीलिंग जैसी विभिन्न आयुष पद्धतियों के माध्यम से उपचार एवं मार्गदर्शन दिया गया। इसमें जोड़ों का दर्द, गठिया, रीढ़ संबंधी रोग, त्वचा रोग (सफेद दाग, सोरायसिस), बालों की समस्याएं, मुंहासे एवं सौंदर्य संबंधी समस्याएं, गुप्त रोग, मोटापा, मधुमेह, हृदय रोग, श्वास रोग, पाचन एवं लिवर संबंधी रोगों से पीड़ित मरीजों ने विशेष रूप से लाभ प्राप्त किया।

इस शिविर में कुल 67 मरीजों ने निःशुल्क चिकित्सा सेवाओं का लाभ उठाया, जिसमें आयुर्वेद के 08, होम्योपैथी के 33, योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा के 19, प्राणिक हीलिंग के 4 तथा एक्यूपंक्चर के 03 मरीज शामिल रहे।

संस्थान का आयुष विभाग निरंतर सार्वजनिक स्वास्थ्य जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कार्यरत है। विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों में आयुर्वेद एवं अन्य आयुष पद्धतियों को सुलभ बनाने के लिए दवाओं एवं चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। वर्तमान समय में अन्य चिकित्सा पद्धतियों की बढ़ती लागत के बीच, संस्थान द्वारा आयोजित ऐसे शिविर गरीब एवं जरूरतमंद रोगियों के लिए सस्ता, सरल एवं सुलभ उपचार प्रदान करने का महत्वपूर्ण माध्यम बन रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Check Also
Close
Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!