जलविहार महोत्सव में सजी वृंदावन की भव्य झांकी, राधा-कृष्ण की लीलाओं ने मोहा मन, जयसिंह राजा का लोक गीत कार्यक्रम आज


बरुआसागर ( झाँसी ) । नगर पालिका परिषद बरुआसागर द्वारा आयोजित वार्षिक जलविहार महोत्सव 2026 के अंतर्गत रविवार को नवीन अदरक मंडी, बस स्टैंड के समीप वृंदावन की भव्य झांकी एवं राधा-कृष्ण की सांस्कृतिक लीलाओं का आयोजन किया गया। वृंदावन से आए कलाकारों ने भगवान श्रीकृष्ण की विभिन्न लीलाओं का मनमोहक मंचन कर दर्शकों को भावविभोर कर दिया। पूरा परिसर तालियों की गड़गड़ाहट और “जय श्री राधे” के जयकारों से गूंज उठा।

कार्यक्रम का शुभारंभ प्रसिद्ध ज्योतिषाचार्य एवं गणितज्ञ पंडित दीपेंद्र अढ़जरिया के मुख्य आतिथ्य में हुआ। विशिष्ट अतिथि के रूप में अमर सिंह कुशवाहा मौजूद रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर पालिका परिषद बरुआसागर की अध्यक्ष श्रीमती सुशीला कुशवाहा ने की। इस दौरान अधिशासी अधिकारी लाल जी की गरिमामयी उपस्थिति रही।
वृंदावन के कलाकारों ने श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं, माखन चोरी तथा राधा-कृष्ण के प्रेम और भक्ति से जुड़े प्रसंगों का जीवंत मंचन किया। पारंपरिक वेशभूषा, भावपूर्ण अभिनय और मधुर भजनों ने कार्यक्रम स्थल को भक्तिमय वातावरण में बदल दिया।
जलविहार महोत्सव के माध्यम से नगर पालिका परिषद द्वारा स्थानीय लोक परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को मंच प्रदान किया जा रहा है। कार्यक्रम में नगर पालिका के पार्षदगण, भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता, नगर पालिका का स्टाफ तथा बड़ी संख्या में नगरवासी और श्रद्धालु उपस्थित रहे। देर रात तक चले कार्यक्रम का दर्शकों ने आनंद लिया।



