खरीदी में देरी, स्लॉट में बाधा और तुलाई पर सवाल: किसानों के मुद्दों पर कांग्रेस का तीखा विरोध, 3 दिन में समाधान नहीं तो उग्र आंदोलन
कांटाफोड़ – क्षेत्र में गेहूं खरीदी शुरू नहीं होने और उपार्जन व्यवस्था की खामियों के चलते किसानों की परेशानी अब गंभीर होती जा रही है। हालात ऐसे हैं कि किसान पिछले करीब 25 दिनों से खरीदी शुरू होने का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन व्यवस्थाएं अब तक पटरी पर नहीं आ पाई हैं। इन्हीं मुद्दों को लेकर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी कांटाफोड़ ने तहसीलदार के नाम नायब तहसीलदार राजाराम कन्नौजे को ज्ञापन सौंपकर त्वरित समाधान की मांग की है।
ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष विष्णु मीणा ने बताया कि शासन द्वारा 7 अप्रैल से स्लॉट बुकिंग शुरू कर दी गई है, लेकिन 2 हेक्टेयर से अधिक भूमि वाले किसानों के स्लॉट अब तक बुक नहीं हो पा रहे हैं। इससे बड़े किसानों में भारी नाराजगी है। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते व्यवस्था नहीं सुधरी तो किसान सड़कों पर उतरने को मजबूर होंगे।
ज्ञापन में यह भी प्रमुखता से उठाया गया कि अभी तक उपार्जन केंद्रों पर खरीदी कार्य प्रारंभ नहीं हुआ है। कांग्रेस ने मांग की है कि खरीदी शुरू होते ही सभी केंद्रों पर प्लेट कांटे (वजन मशीन) से तुलाई सुनिश्चित की जाए, ताकि किसानों को पारदर्शी और सही तौल मिल सके।
इसके साथ ही सहकारी समितियों द्वारा 28 मार्च को किसानों को ओवरड्यू घोषित किए जाने पर भी कड़ी आपत्ति जताई गई। कांग्रेस का कहना है जब तक किसानों की फसल का विक्रय नहीं हो जाता, तब तक उन्हें ओवरड्यू घोषित करना अन्यायपूर्ण है। इससे किसानों पर अनावश्यक ब्याज का बोझ बढ़ता जा रहा है, जो उनकी आर्थिक स्थिति को और कमजोर कर रहा है।
कांग्रेस ने मांग की है कि तत्काल खरीदी प्रक्रिया शुरू की जाए, बड़े किसानों के स्लॉट बुकिंग चालू की जाए, तुलाई व्यवस्था दुरुस्त की जाए तथा सहकारी समितियों द्वारा लगाए गए ब्याज को माफ किया जाए।
अंत में कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि तीन दिनों के भीतर समस्याओं का निराकरण नहीं किया गया, तो किसानों के साथ मिलकर कांटाफोड़ में उग्र आंदोलन किया जाएगा, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी प्रशासन और संबंधित विभाग की होगी।




