जनजाति समाज की मांगों को लेकर हुंकार रैली में होंगे शामिल पिंडवाड़ा-आबूरोड से 1500 कार्यकर्ता दिल्ली रवाना,

रिपोर्ट:-विकास पटेल
पिंडवाड़ा, सिरोही। जनजाति समाज की विभिन्न मांगों को लेकर आयोजित होने वाले जनजाति समागम एवं हुंकार रैली में शामिल होने के लिए सिरोही जिले सहित पाली-गोगुंदा क्षेत्र से करीब 1500 कार्यकर्ता शुक्रवार रात पिंडवाड़ा और आबूरोड रेलवे स्टेशन से दिल्ली के लिए रवाना हुए।
यह रवानगी पिंडवाड़ा-आबू विधायक समाराम गरासिया तथा एचटी मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष धनाराम मीणा के नेतृत्व में हुई। यात्रा का आयोजन जनजाति सुरक्षा मंच एवं वनवासी कल्याण परिषद के मार्गदर्शन में किया गया।
कार्यकर्ताओं ने बताया कि उनका उद्देश्य जनजाति समाज की वर्षों पुरानी मांगों को भारत सरकार के समक्ष मजबूती से रखना है। प्रमुख मांगों में धर्म परिवर्तन कर ईसाई या मुस्लिम बनने वाले लोगों को जनजाति सूची से हटाने के लिए संविधान के अनुच्छेद 342 में संशोधन कर कानून बनाने की मांग शामिल है।
दिल्ली में आयोजित होने वाले जनजाति समागम एवं हुंकार रैली में देशभर से हजारों कार्यकर्ताओं के शामिल होने की संभावना है।
यात्रा के दौरान भामाशाहों द्वारा कार्यकर्ताओं के लिए पानी एवं बिस्किट की व्यवस्था भी की गई।
