Uncategorized

लोकतांत्रिक परंपरा का उदाहरण बना देवास जिला माहेश्वरी सभा चुनाव, अध्यक्ष बने राजेश होलानी

देवास जिला माहेश्वरी सभा के सत्र 2026–2029 के चुनाव रविवार को कांटाफोड़ में लोकतांत्रिक गरिमा, उत्साह और संगठनात्मक एकता के माहौल में संपन्न हुए। पूरे जिले से आए समाजबंधुओं की मौजूदगी में चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष ढंग से पूरी हुई। इस बार जिला अध्यक्ष एवं महासभा प्रतिनिधि पदों के लिए मतदान कराया गया, जबकि अन्य सभी पदों पर सर्वसम्मति बनने से उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए गए।
हालांकि चुनाव पूरी तरह शांतिपूर्ण रहा, लेकिन अध्यक्ष और महासभा प्रतिनिधि पद के मतदान के दौरान समर्थकों के बीच हल्की-फुल्की नोकझोंक और अपने-अपने प्रत्याशियों के पक्ष में जोरदार माहौल भी देखने को मिला। कुछ समय के लिए चुनावी गर्माहट बढ़ी, लेकिन वरिष्ठ समाजजनों और निर्वाचन अधिकारियों की समझाइश से माहौल तुरंत सामान्य हो गया। अंततः पूरे चुनाव सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुए।
निर्वाचन प्रक्रिया मुख्य निर्वाचन अधिकारी मुरलीधर डागा, सहायक निर्वाचन अधिकारी बालकृष्ण काबरा तथा इंदौर से आए पर्यवेक्षक रूपेश भूतड़ा की देखरेख में संपन्न हुई।
मतदान के बाद घोषित परिणामों में राजेश होलानी (कांटाफोड़) देवास जिला माहेश्वरी सभा के अध्यक्ष निर्वाचित हुए। उनके निर्वाचन की घोषणा होते ही समाजजनों में हर्ष का माहौल बन गया और फूल-मालाओं से उनका भव्य स्वागत किया गया।
उपाध्यक्ष पद पर अशोक कुमार चांडक (लोहारदा) एवं मनोज बजाज (देवास), महामंत्री संतोष माहेश्वरी (चापड़ा), संयुक्त मंत्री नारायणजी मंत्री (भौंरासा) एवं गिरधरजी राठी (सतवास), कोषाध्यक्ष गोपाल कृष्ण धूत (कन्नौद), प्रचार मंत्री संजय कुमार भूतड़ा (लोहारदा) तथा संगठन मंत्री गोपाल कृष्ण मानधन्या (कमलापुर) निर्विरोध निर्वाचित हुए।
प्रादेशिक सभा प्रतिनिधि के रूप में मनीष चांडक (लकुमड़ी), कैलाश डागा (देवास), विनोद राठी (सतवास), नन्दकिशोर काबरा (कन्नौद), श्यामसुन्दर बाल्दी (लोहारदा), पुरुषोत्तम बियाणी (कांटाफोड़), गगन लाठी (सोनकच्छ) एवं मनोज तापड़िया (लोहारदा) निर्विरोध चुने गए।
महासभा प्रतिनिधि पद के लिए हुए मतदान में दिनेश बालकिशन भूतड़ा (देवास) एवं दामोदर रामकुमार हुरकट (कन्नौद) विजयी रहे।
इसके अलावा जिला सभा कार्यसमिति के सदस्यों का भी निर्वाचन किया गया। परिणाम घोषित होने के बाद सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का समाजजनों ने फूल-मालाओं से स्वागत कर शुभकामनाएँ दीं।
अंत में मुख्य निर्वाचन अधिकारी मुरलीधर डागा, सहायक निर्वाचन अधिकारी बालकृष्ण काबरा एवं पर्यवेक्षक रूपेश भूतड़ा ने चुनाव प्रक्रिया में सहयोग देने वाले सभी समाजबंधुओं, प्रत्याशियों एवं सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए नवनिर्वाचित टीम को सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएँ दीं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!