मधुबनी में नव युग दल कमेटी द्वारा भव्य कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन, पूर्व प्रधान विनोद सिंह ने फीता काटकर किया शुभारंभ
संवाददाता-सत्येन्द्र गुप्ता(रानीगंज बाजार)



बैरिया (बलिया)। क्षेत्र के मधुबनी में नव युग दल कमेटी के तत्वावधान में भव्य कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन बड़े उत्साह और खेल भावना के साथ किया गया। प्रतियोगिता में आसपास के विभिन्न गांवों की टीमों ने हिस्सा लिया, जिससे पूरे क्षेत्र में खेल को लेकर उत्साह का माहौल देखने को मिला।
प्रतियोगिता के सेमीफाइनल मुकाबले में मुन छपरा और विसौली की टीमों के बीच रोमांचक मुकाबला खेला गया। सेमीफाइनल मैच का शुभारंभ ग्राम पंचायत कोटवां के पूर्व प्रधान एवं समाजसेवी विनोद सिंह ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना, अनुशासन और आपसी भाईचारे के साथ खेलने का आह्वान करते हुए कहा कि खेल युवाओं के शारीरिक, मानसिक एवं नैतिक विकास का सशक्त माध्यम हैं। ऐसे आयोजन ग्रामीण प्रतिभाओं को अपनी क्षमता दिखाने का बेहतर अवसर प्रदान करते हैं।
नव युग दल कमेटी के अध्यक्ष आयुष सिंह, उपाध्यक्ष सोनू यादव, कोषाध्यक्ष रोहित ठाकुर तथा सदस्य समीम, अमन, मनीष और श्रवण ने प्रतियोगिता के सफल संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। आयोजन में बड़ी संख्या में खेल प्रेमी एवं ग्रामीण उपस्थित रहे और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। दर्शकों ने पूरे जोश के साथ मुकाबले का आनंद लिया और आयोजकों के इस प्रयास की सराहना की।
