स्वास्थ्य सेवाओं की सुधरेगी सेहत: सीएचसी गुरसरांय में डॉ. ओपी राठौर का एक्शन मोड, दिए सख्त निर्देश
ब्यूरो चीफ आयुष त्रिपाठी
गुरसरांय (झांसी)। सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र गुरसरांय की स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक बेहतर एवं असरदार बनाने के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र के अधीक्षक डॉ. ओपी राठौर ने अस्पताल परिसर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार के कड़े निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा ओपीडी और इमरजेंसी सेवाओं में आने वाले मरीजों को बिना किसी देरी के त्वरित इलाज मुहैया कराया जाए। अस्पताल परिसर,वार्डों और शौचालयों में स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जाए ताकि संक्रमण का खतरा न रहे। सभी डॉक्टर और पैरामेडिकल स्टाफ समय पर ड्यूटी पर उपस्थित रहें। समय का पालन न करने वालों पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। मरीजों को शासन द्वारा मिलने वाली सभी आवश्यक दवाएं अस्पताल से ही उपलब्ध कराई जाएं, बाहर की दवा लिखने पर रोक रहेगी। अधीक्षक डॉ. ओपी राठौर ने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उनका मुख्य उद्देश्य आमजन को समय पर बेहतर और पारदर्शी स्वास्थ्य लाभ पहुंचाना है।



