पखांजूर सीमावर्ती जंगल में नक्सलियों का डंप बरामद
भारी मात्रा में गोला-बारूद जब्त!!

पखांजूर सीमावर्ती जंगल में नक्सलियों का डंप बरामद, भारी मात्रा में गोला-बारूद जब्त!!
सुमित (जिला संवाददाता, कांकेर)
पखांजूर। पखांजूर के सीमावर्ती क्षेत्र से लगे महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले में सुरक्षा बलों को नक्सल विरोधी अभियान के दौरान बड़ी सफलता मिली है। सर्चिंग अभियान के दौरान कुपोरशी जंगल क्षेत्र में नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखी गई भारी मात्रा में गोला-बारूद एवं अन्य नक्सली सामग्री बरामद की गई।
जानकारी के अनुसार, आत्मसमर्पित नक्सली द्वारा दी गई महत्वपूर्ण सूचना के आधार पर सुरक्षा बलों ने जंगल क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन चलाया। इसी दौरान नक्सलियों द्वारा सुरक्षा बलों को नुकसान पहुंचाने के उद्देश्य से छिपाकर रखे गए सामान का डंप बरामद हुआ।
बरामद सामग्री की जांच के बाद सुरक्षा की दृष्टि से आवश्यक कार्रवाई करते हुए जब्त विस्फोटक एवं अन्य संदिग्ध सामग्री को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।
सुरक्षा बलों के मुताबिक, नक्सलियों द्वारा यह सामग्री जंगल में छिपाकर रखी गई थी, जिसका इस्तेमाल सुरक्षा बलों को निशाना बनाने के लिए किया जा सकता था। आत्मसमर्पित नक्सली से प्राप्त सूचना के आधार पर समय रहते डंप का पता लगाना सुरक्षा बलों के लिए महत्वपूर्ण सफलता मानी जा रही है।
सर्च ऑपरेशन के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और सघन कर दी गई है तथा आसपास के जंगलों में भी तलाशी अभियान जारी है।




