जनपद में जल्द ही झोलाछाप डॉक्टरों की होगी जांच, गड़बड़ी पर होगी कार्रवाई- डीएम

ब्यूरो चीफ आयुष त्रिपाठी
जनपद में अल्ट्रासाउंड सेंटरों के विरुद्ध अभियान चलाकर करें आवश्यक कार्रवाई
सीएचसी मऊरानीपुर में डीएमएफ से मॉड्यूलर ओटी की होगी स्थापना, प्रस्ताव प्रेषित करने के निर्देश
जिलाधिकारी ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मऊरानीपुर का किया निरीक्षण, स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार हेतु दिए आवश्यक निर्देश
झांसी। जिलाधिकारी श्री गौरंग राठी ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मऊरानीपुर का निरीक्षण किया। उन्होंने सीएमओ सहित अन्य चिकित्सकों को निर्देशित किया कि स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाते हुए ग्रामीण जन को अच्छी स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं, उन्होंने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री जी का स्पष्ट निर्देश है कि अस्पताल में आने वाले प्रत्येक बीमार/असहाय जन का बेहतर इलाज किया जाए। जिलाधिकारी श्री गौरांग राठी द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मऊरानीपुर का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सर्वप्रथम नवनिर्मित स्वास्थ्य केंद्र का भ्रमण किया। इमरजेंसी वार्ड में दुर्घटना में घायल 02 मरीजों का डॉ0 रामपाल द्वारा उपचार किया जा रहा था। जिलाधिकारी ने आकस्मिक दुर्घटना की स्थिति में एम्बुलेंस के रिस्पॉन्स टाइम के संबंध में प्रभारी चिकित्साधिकारी से जानकारी प्राप्त की। प्रभारी चिकित्साधिकारी ने अवगत कराया कि एम्बुलेंस का रिस्पॉन्स टाइम अब तक संतोषजनक रहा है। भ्रमण के दौरान जिलाधिकारी ने जेएसएसके वार्ड के निरीक्षण में एक महिला भर्ती तथा लेबर रूम में एक महिला भर्ती पाई गई। जिलाधिकारी ने भर्ती महिलाओं के तीमारदारों से वार्ता कर जननी शिशु सुरक्षा कार्यक्रम के अंतर्गत भोजन उपलब्ध कराए जाने के संबंध में जानकारी प्राप्त की। प्रभारी चिकित्साधिकारी ने बताया कि उक्त कार्यक्रम के अंतर्गत प्रेरणा कैंटीन के माध्यम से भोजन की आपूर्ति की जा रही है। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जननी शिशु सुरक्षा कार्यक्रम के अंतर्गत प्रसूता एवं उसके एक तीमारदार को निर्धारित व्यवस्था के अनुसार समय से भोजन उपलब्ध कराया जाना सुनिश्चित किया जाए। निरीक्षण के दौरान प्रभारी चिकित्साधिकारी ने अवगत कराया कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्रतिमाह लगभग 1800 आईपीडी होती हैं। मध्य प्रदेश के जनपदों से भी बड़ी संख्या में लोग स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लेने आते हैं, जिसके कारण स्वास्थ्य केंद्र पर मरीजों का अत्यधिक भार रहता है। इस आवश्यकता को देखते हुए पोस्टमार्टम हेतु शव वाहन की आवश्यकता बताई गई। जिलाधिकारी ने मऊरानीपुर एसडीएम को निर्देशित किया कि सीएसआर अथवा अन्य उपयुक्त मद से शव वाहन की व्यवस्था कराना सुनिश्चित करें। इसके उपरांत जिलाधिकारी ने ऑपरेशन थिएटर का निरीक्षण किया। प्रभारी चिकित्साधिकारी ने अवगत कराया कि स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सकों की उपलब्धता है,लेकिन मरीजों के अत्यधिक भार को देखते हुए मॉड्यूलर ओटी की व्यवस्था आवश्यक है। इस पर जिलाधिकारी ने जिला खनिज फाउंडेशन न्यास के अंतर्गत मॉड्यूलर ओटी की स्थापना हेतु प्रस्ताव प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

सीएचसी के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पाया कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में निष्प्रयोज्य एम्बुलेंस खड़ी हैं। उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को नियमानुसार इनकी नीलामी की कार्यवाही सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। स्थानीय लोगों द्वारा पोस्टमार्टम हाउस, मऊरानीपुर के नवीनीकरण की आवश्यकता से भी अवगत कराया गया। इस संबंध में जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान स्थानीय लोगों द्वारा शिकायत की गई कि बाहरी वैन एवं कुछ व्यक्तियों की गतिविधियों के कारण स्वास्थ्य सेवाएं तथा प्रसव संबंधी व्यवस्थाएं प्रभावित हो रही हैं। इस पर जिलाधिकारी ने उपस्थित सुरक्षाकर्मियों को निर्देश दिए कि बाहरी व्यक्तियों से आवश्यक पूछताछ की जाए तथा स्वास्थ्य सेवाओं में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए आवश्यकता से अधिक तीमारदारों के ऑपरेशन थिएटर में आवागमन पर रोक लगाई जाए। क्षेत्र में बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के दृष्टिगत, जिलाधिकारी ने निजी प्रैक्टिस, झोलाछाप चिकित्सकों तथा प्रशासन द्वारा बंद कराए गए निजी अल्ट्रासाउंड केंद्रों के पुनः संचालन के संबंध में भी शिकायतें प्राप्त हुईं। जिस पर उन्होंने सख्त नाराजगी व्यक्त करते हुए निर्देश दिए कि त्योहारों की समाप्ति के उपरांत झोलाछाप चिकित्सकों एवं अल्ट्रासाउंड केंद्रों के विरुद्ध अभियान चलाकर आवश्यक कार्रवाई की जाए। निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी मऊरानीपुर से मनोज आर्य, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ0 शिशिर पुरी,उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ0 अंशुमान तिवारी, अधीक्षक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मऊरानीपुर डॉ0 आर.एन. सिंह तथा चिकित्सा अधिकारी डॉ0 रामपाल, डॉ0 लाल सिंह एवं डॉ0 दीपमाला सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।




