पिण्डवाड़ा में हनुमान जन्मोत्सव पर उमड़ा जनसैलाब, भव्य भण्डारा एवं सुंदरकांड पाठ सम्पन्न
हजारों श्रद्धालुओं की उपस्थिति में संन्यास आश्रम बना भक्ति का केंद्र
रिपोर्ट:-सुरेश चौहान (9571081159)
पिण्डवाड़ा(सिरोही)। स्थानीय संन्यास आश्रम में हनुमान जन्मोत्सव के पावन अवसर पर भव्य धार्मिक महोत्सव एवं विशाल भण्डारे का आयोजन अत्यंत हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। आश्रम परिसर भक्तिमय माहौल से सराबोर रहा, जहां हजारों श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

यह आयोजन आश्रम गादीपति अनंत श्री विभूषित 1008 स्वामी समाधान पुरीजी महाराज के पावन सानिध्य एवं आशीर्वाद में संपन्न हुआ। कार्यक्रम ब्रह्मलीन स्वामी 1008 श्री श्री रामानंद गिरी जी महाराज की पावन स्मृति को समर्पित रहा।
दिग्गज नेताओं की रही उपस्थिति
इस आध्यात्मिक आयोजन में राजस्थान सरकार के राज्यमंत्री ओटाराम देवासी, भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. रक्षा भण्डारी, पिण्डवाड़ा-आबूराज विधायक समाराम गरासिया, जिला परिषद सदस्य किरण पुरोहित एवं धन्नाराम मीणा सहित अनेक जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया। सभी अतिथियों ने महाराज श्री का आशीर्वाद प्राप्त कर आयोजन की सराहना की।

आगामी भण्डारे हेतु समिति का गठन
ब्रह्मलीन स्वामी रामानंद गिरी जी महाराज के आगामी विशाल भण्डारे के सफल आयोजन को लेकर आश्रम में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें सर्वसम्मति से आयोजन समिति का गठन किया गया। इसमें गोपीलाल अग्रवाल को अध्यक्ष, भरत भाई, वागाराम देवासी, ललित कुमार एवं नवीन सुथार को उपाध्यक्ष, महावीर यती को सचिव तथा अन्य पदों पर विभिन्न सदस्यों को जिम्मेदारी सौंपी गई।


भक्तिमय कार्यक्रमों ने बांधा समां
महोत्सव का मुख्य आकर्षण शिवगढ़ की श्री राम सुंदरकांड पाठ सेवा समिति द्वारा प्रस्तुत संगीतमय सुंदरकांड पाठ रहा। सुबह 9:15 बजे शुरू हुए इस कार्यक्रम में महाआरती एवं भजनों की प्रस्तुति ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।
दोपहर 1:15 बजे से विशाल भण्डारे का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण की।
आयोजनकर्ता श्रीमती सीता देवी एवं स्व. गणेशराम मालवी (लोहार) परिवार ने सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम की सफलता के लिए सहयोगियों का धन्यवाद किया।
