अहमद नगर में अवैध कॉलोनी पर निगम का बुलडोजर, सख्त कार्रवाई जारीबिना अनुमति प्लाटिंग पर बड़ी कार्रवाई, कई संरचनाएं ध्वस्त

कटनी–शहर में अवैध कॉलोनी विकसित करने वालों के खिलाफ नगर निगम प्रशासन लगातार सख्त कार्रवाई कर रहा है। इसी क्रम में सोमवार सुबह राम मनोहर लोहिया वार्ड स्थित अहमद नगर क्षेत्र में निगम के संयुक्त अमले ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया।निगम टीम ने मौके पर पहुंचकर जेसीबी मशीन की मदद से अवैध रूप से निर्मित संरचनाओं को ध्वस्त कर दिया। बताया जा रहा है कि खसरा नंबर 635/1, 636/1, 637 और 638 में उवैस अहमद, मुजम्मिल कय्यूम सहित अन्य लोगों द्वारा बिना किसी वैध अनुमति के कॉलोनी विकसित करने के उद्देश्य से अवैध प्लाटिंग की जा रही थी।कालोनी सेल प्रभारी एवं कार्यपालन यंत्री अंशुमान सिंह के अनुसार, मामले में पहले ही संबंधित लोगों को नोटिस जारी कर निर्माण कार्य रोकने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन नियमों की अनदेखी जारी रहने पर निगम ने सख्त कदम उठाते हुए निर्माण हटाने की कार्रवाई की।निगम प्रशासन ने साफ किया है कि शहर में अवैध कॉलोनाइजरों के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और नियमों के विरुद्ध किसी भी गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। साथ ही, ऐसे मामलों में शामिल लोगों पर वैधानिक कार्रवाई भी की जाएगी।प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी प्लॉट को खरीदने से पहले उसकी वैधता और निगम की स्वीकृति की जांच जरूर कर लें, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की परेशानी से बचा जा सके।



