बरुआसागर: अंबेडकर जयंती पर गूंजा ‘जय भीम’, निकली भव्य शोभायात्रा
बरुआसागर (झांसी) | भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर झांसी जिले के बरुआसागर कस्बे में उत्साह और श्रद्धा का सैलाब उमड़ पड़ा। इस अवसर पर नगर में एक भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें बाबा साहब के अनुयायियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। शोभायात्रा का मुख्य आकर्षण भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं की भारी उपस्थिति रही। सैकड़ों की संख्या में नीले साफे और झंडे लिए भीम आर्मी के बंधु इस यात्रा में सम्मिलित हुए। कार्यकर्ताओं ने “बाबा साहब अमर रहें” और “जय भीम” के नारों से पूरे नगर को गुंजायमान कर दिया।


यह शोभायात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी। यात्रा के दौरान बाबा साहब की प्रतिमा को फूलों से भव्य रूप से सजाया गया था। जगह-जगह पुष्प वर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया गया। युवाओं और बच्चों में विशेष उत्साह देखा गया, जो डीजे की धुनों पर थिरकते नजर आए। भीड़ और संवेदनशीलता को देखते हुए स्थानीय पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। शांतिपूर्ण ढंग से यात्रा संपन्न कराने के लिए चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात रहा।


