भीषण गर्मी में स्कूलों में ग्रीष्मकालीन अवकाश की मांग
सनावद / संपूर्ण निमाड़ क्षेत्र में इन दिनों भीषण गर्मी एवं लू का प्रकोप जारी है। इस कारण बड़वाह क्षेत्र के अभिभावकों ने स्कूलों में ग्रीष्मकालीन अवकाश घोषित करने की मांग की है।
इस तारतम्य में विधायक सचिन बिरला ने जिला कलेक्टर को पत्र लिख कर जिले के निजी और शासकीय स्कूलों में ग्रीष्मकालीन अवकाश घोषित करने की मांग की है। पत्र में कहा गया है कि बड़वाह क्षेत्र में भी भीषण गर्मी का प्रकोप निरंतर बढ़ रहा है। तापमान में अत्यधिक वृद्धि और लू के कारण सामान्य जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।
विशेष रूप से स्कूली बच्चों को दोपहर के समय विद्यालय आवागमन में बड़ी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।तपती गर्मी के कारण बच्चों के स्वास्थ्य पर विपरीत प्रभाव पड़ने की भी आशंका है। इस कारण अभिभावकों में चिंता व्याप्त है।पत्र में कहा गया है कि बड़वाह क्षेत्र के ग्रामों एवं नगरों के पालकों द्वारा मांग की जा रही है कि बच्चों को भीषण गर्मी के प्रकोप एवं स्वास्थ्य संबंधी जोखिम से बचाने के लिए शासकीय एवं अशासकीय स्कूलों में तत्काल ग्रीष्मकालीन अवकाश घोषित किया जाए। पत्र में यह भी कहा गया है कि यदि स्कूलों में पूर्ण अवकाश संभव नहीं हो पाए तो स्कूलों में प्रातःकालीन शिफ्ट में पढ़ाई करवाई जाए,ताकि विद्यार्थियों को दोपहर की भीषण तपिश से राहत मिल सके।

