ऑनलाइन दवा बिक्री पर रोक लगाने उठी मांग केमिस्टों ने कहा- “नियमों के बिना चल रहा दवा कारोबार खतरनाक”

कांटाफोड़ – ऑनलाइन दवा बिक्री, भारी छूट की नीति और कथित अवैध ई-फार्मेसी गतिविधियों के विरोध में बुधवार को क्षेत्र के दवा व्यापारियों ने अपनी मेडिकल दुकानें बंद रखकर विरोध दर्ज कराया। दवा व्यापारियों ने एकजुट होकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम ज्ञापन सौंपते हुए ऑनलाइन दवा कारोबार पर तत्काल प्रभाव से सख्त नियंत्रण लगाने की मांग की।
नगर सहित आसपास के क्षेत्रों में मेडिकल दुकानें बंद रहने से दिनभर इस मुद्दे को लेकर चर्चा बनी रही। दवा व्यापारियों का कहना है कि इंटरनेट और मोबाइल एप के जरिए बिना प्रभावी निगरानी के दवाओं की बिक्री हो रही है, जिससे मरीजों की सुरक्षा खतरे में पड़ती जा रही है। व्यापारियों ने आरोप लगाया कि कई ऑनलाइन प्लेटफॉर्म बिना उचित सत्यापन और चिकित्सकीय निगरानी के दवाओं की होम डिलीवरी कर रहे हैं, जो भविष्य में गंभीर स्वास्थ्य संकट का कारण बन सकती है।
ज्ञापन में कहा गया कि दवा कोई सामान्य वस्तु नहीं, बल्कि सीधे व्यक्ति के जीवन और स्वास्थ्य से जुड़ा विषय है। ऐसे में बिना स्पष्ट नियंत्रण और जवाबदेही के ऑनलाइन दवा बिक्री खतरनाक साबित हो सकती है। व्यापारियों ने यह भी आरोप लगाया कि ऑनलाइन कंपनियां डीप डिस्काउंटिंग और प्रिडेटरी प्राइसिंग के जरिए बाजार में असंतुलन पैदा कर रही हैं, जिससे छोटे मेडिकल व्यवसाय लगातार आर्थिक दबाव में आ रहे हैं।
दवा व्यापारियों ने मांग की कि ऑनलाइन दवा बिक्री, बिना वैध प्रिस्क्रिप्शन दवा वितरण और अनियंत्रित होम डिलीवरी पर तत्काल रोक लगाई जाए। साथ ही संबंधित नियमों और अधिसूचनाओं की समीक्षा कर छोटे व्यापारियों और उपभोक्ताओं के हित में सख्त नीति बनाई जाए।
प्रधानमंत्री के नाम यह ज्ञापन नायब तहसीलदार राजाराम कन्नौजे एवं थाना प्रभारी आराधना रायकवार को सौंपा गया। ज्ञापन का वाचन संतोष चौबे द्वारा किया गया।
ज्ञापन सौंपने के दौरान दीपक चौबे, अमित श्रोत्रिय, मनोज तिवारी ,मनीष राठौर, अभिषेक जैन, फिरोज खान, राहुल राठौर, सौरभ तिवारी, रियाज खान, ललित तिवारी, संतोष जायसवाल, गोपी परसाई, कन्हैया जोंनवाल, शैलेष पांचोली एवं अमित परमार सहित बड़ी संख्या में दवा व्यापारी उपस्थित रहे।
दवा व्यापारियों ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द प्रभावी कदम नहीं उठाए तो आने वाले समय में आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।


