
भिलाई सड़क हादसे में तीसरी मौत, ICU में जिंदगी की ICU में जिंदगी की जंग हारा युवक, कवर्धा रोड एक्सीडेंट में घायल पुलिसकर्मी ने तोड़ा दम!!
भिलाई: छत्तीसगढ़ में दो अलग अलग सड़क हादसों में घायल दो लोगों की मौत हो गई. पहला हादसा भिलाई में 17 मई को हुआ था. दूसरा हादसा कवर्धा में 18 मई को हुआ था.
भिलाई सड़क हादसे में घायल युवक की मौत
रविवार को सुपेला के चंद्रा मौर्या चौक के पास नेशनल हाईवे पर दो मोटरसाइकिल सवार रेड सिग्नल होने के कारण खड़े थे. तभी पीछे से एक तेज रफ्तार कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भयानक थी कि दो लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. हादसे में गंभीर रूप से घायल सलीम को तुरंत पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां आईसीयू में दो दिन इलाज के बाद तीसरे दिन उसने दम तोड़ दिया. सलीम अपने घर का इकलौता कमाने वाला सदस्य था. उनके चार बच्चे है.
भिलाई पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी कार चालक सौरभ जायसवाल को गिरफ्तार कर लिया है. जांच में सामने आया है कि हादसे के वक्त सौरभ भारी नशे की हालत में गाड़ी चला रहा था. आरोपी का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी है,महज एक साल पहले वैशाली नगर थाने में उसके खिलाफ एनडीपीएस का मामला दर्ज हुआ था, और वह एक महीने पहले ही जेल से छूटकर बाहर आया था. पुलिस अब आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई कर रही है.
कवर्धा में सड़क हादसे में पुलिस जवान की मौत
वहीं कबीरधाम जिले में सड़क हादसे में घायल पुलिस जवान की इलाज के दौरान मौत हो गई. मृतक आरक्षक रुपेश राजपूत डीएसबी शाखा में पदस्थ थी. रुपेश राजपूत सोमवार को अपने एक साथी स्टाफ आरक्षक रेखूराम धुर्वे के साथ लोहारा नगर पंचायत उपचुनाव से जुड़ी जानकारी एकत्रित करने ड्यूटी पर था. ड्यूटी पूरी कर दोनों बाइक से वापस लौट रहे थे. इसी दौरान लोहारा नगर पंचायत की सीमा में सामने से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी. हादसा इतना भीषण था कि दोनों पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए. वहीं दूसरा बाइक सवार भी घायल हो गया.
पुलिस जवान की मौत
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों की मदद से तीनों घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया. प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल आरक्षक रुपेश राजपूत को बेहतर इलाज के लिए रायपुर के एक निजी अस्पताल रेफर किया गया. वहां तीन दिन इलाज चलने के बाद आज सुबह पुलिस आरक्षक ने दम तोड़ दिया. हादसे में घायल अन्य दो लोगों का इलाज जिला अस्पताल में जारी है.

