श्रीमद् भागवत कथा के चतुर्थ दिवस पर उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, बबीना विधायक प्रतिनिधि प्रमोद सिंह ने लिया कथा का आनंद

चिरगांव (झांसी)। कवि बंधु कॉलोनी में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा के चतुर्थ दिवस पर श्रद्धा,भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला। कथा स्थल पर सैकड़ों श्रद्धालुओं की उपस्थिति ने आयोजन को भव्य स्वरूप प्रदान किया।कथा वाचक पंडित श्री रमाकांत व्यास जी महाराज ने अपने ओजस्वी एवं मधुर प्रवचनों से उपस्थित श्रद्धालुओं को श्रीमद्भागवत महापुराण के दिव्य प्रसंगों का रसपान कराया। भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं एवं भक्तों के प्रति उनकी करुणा का भावपूर्ण वर्णन सुनकर श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे। कथा के दौरान पूरा वातावरण भक्ति रस, भजनों और जयघोषों से गूंजता रहा। इस अवसर पर बबीना विधायक प्रतिनिधि प्रमोद परिक्षा ने कथा में पहुंचकर व्यास पीठ का आशीर्वाद प्राप्त किया तथा कथा श्रवण कर आध्यात्मिक आनंद की अनुभूति की। उन्होंने आयोजकों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में नैतिक एवं सांस्कृतिक मूल्यों को सुदृढ़ करने का कार्य करते हैं। कार्यक्रम में श्रीमती हेमलता जयशरण सोनी, शिवम सोनी, वैभव सोनी, नरेंद्र पाराशर, समिति अध्यक्ष धर्मेंद्र बाजपेई, अशोक यादव, ब्रजकिशोर यादव, शेर सिंह दांगी, अमित बादल, मैथिली सोनी, ब्रजभूषण सोनी, अंकित, प्रदीप एवं विष्णुदत्त पटेरिया सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे। कथा के अंत में आरती एवं प्रसाद वितरण किया गया। आयोजकों ने सभी श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त करते हुए आगामी दिनों में भी अधिक से अधिक संख्या में कथा श्रवण हेतु पहुंचने का आग्रह किया।




