भीखा छपरा प्रीमियम लीग का भव्य शुभारंभ, पूर्व प्रधान विनोद सिंह ने फीता काटकर किया उद्घाटन


संवाददाता-सत्येन्द्र गुप्ता(रानीगंज बाजार)
भीखा छपरा चौमोहानी पर आयोजित भीखा छपरा प्रीमियम लीग (BPL) क्रिकेट प्रतियोगिता का शुभारंभ सोमवार को बड़े ही उत्साह, जोश और खेल भावना के साथ संपन्न हुआ। उद्घाटन समारोह में क्षेत्र के सम्मानित जनप्रतिनिधि एवं कोटवां के पूर्व प्रधान विनोद सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने फीता काटकर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया तथा खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया।
अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि खेल युवाओं के व्यक्तित्व विकास का महत्वपूर्ण माध्यम है। क्रिकेट जैसे खेल युवाओं में अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता का विकास करते हैं। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ बेहतर प्रदर्शन करने की शुभकामनाएं दीं।
टूर्नामेंट का उद्घाटन मुकाबला महाकाल इलेवन और सोनबरसा टीम के बीच खेला गया। दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन कर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। मैच को देखने के लिए आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में खेल प्रेमी और ग्रामीण उपस्थित रहे, जिससे पूरा मैदान तालियों और उत्साह से गूंज उठा।
इस सफल आयोजन में अध्यक्ष रितकेश कुमार, उपाध्यक्ष विवेक सिंह एवं महामंत्री राहुल सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वहीं आयोजन को सफल बनाने में छोटू, राजवीर, रंजन, आकाश, युवराज, पीयूष, प्रीतम, आयुष, रोहित, अखंड, चीकू, आदर्श, आदित्य, अन्वीक सहित समस्त ग्रामवासियों ने सराहनीय योगदान दिया।
ग्रामीण प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने और खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित यह प्रतियोगिता क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है। आयोजकों ने बताया कि आगे भी इसी प्रकार के खेल आयोजनों के माध्यम से युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर दिया जाता रहेगा।


