कांग्रेस ने युवा चेहरों पर जताया भरोसा, अंकुश सारडा और गुरमीत मित्तू भाटिया को मिली नगर अध्यक्ष की जिम्मेदारी


कांटाफोड़ – कांग्रेस संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत करने के उद्देश्य से पार्टी नेतृत्व ने युवा, कर्मठ एवं सक्रिय कार्यकर्ताओं पर भरोसा जताते हुए नई जिम्मेदारियां सौंपी हैं। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी, जिला प्रभारी विनय बाकलीवाल की सहमति एवं जिला ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष मनीष चौधरी की अनुशंसा पर एडवोकेट अंकुश सारडा को लोहरदा नगर कांग्रेस अध्यक्ष तथा गुरमीत “मित्तू” भाटिया को कांटाफोड़ नगर कांग्रेस अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
एडवोकेट अंकुश सारडा लंबे समय से कांग्रेस संगठन से जुड़े हुए हैं और सामाजिक व राजनीतिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। उनकी संगठन क्षमता, बेहतर जनसंपर्क एवं कार्यकर्ताओं के प्रति समर्पण को देखते हुए पार्टी ने उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। उनकी नियुक्ति से लोहरदा क्षेत्र के कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल देखा जा रहा है।
वहीं गुरमीत “मित्तू” भाटिया कांग्रेस के सक्रिय, मिलनसार एवं जुझारू कार्यकर्ता के रूप में अपनी पहचान रखते हैं। वे स्वर्गीय श्याम होलानी एवं होलानी परिवार के करीबी एवं विश्वासपात्र रहे हैं। पीसीसी सदस्य मनोज श्याम होलानी के नेतृत्व में आयोजित कांग्रेस के विभिन्न आंदोलनों, जनसंपर्क अभियानों एवं संगठनात्मक कार्यक्रमों में उनकी सक्रिय एवं प्रभावी भागीदारी रही है।
दोनों नेताओं की नियुक्ति पर कांटाफोड़ एवं लोहरदा क्षेत्र के कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हर्ष व्यक्त करते हुए कांग्रेस प्रदेश नेतृत्व, जिला प्रभारी विनय बाकलीवाल एवं जिला संगठन का आभार व्यक्त किया है। कार्यकर्ताओं ने विश्वास जताया कि अंकुश सारडा एवं गुरमीत मित्तू भाटिया के नेतृत्व में संगठन को नई ऊर्जा और मजबूती मिलेगी तथा कांग्रेस की नीतियों और विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य और अधिक गति पकड़ेगा।



