नि:शुल्क O- Level और CCC कंप्यूटर प्रशिक्षण के लिए आवेदन शुरू, 10 जुलाई तक करें आवेदन
जानें कौन से हैं बलिया जिले के अधिकृत संस्थान

बलिया। जिला पिछड़ा कल्याण वर्ग के कार्यालय द्वारा शैक्षिक एवं वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग द्वारा संचालित रोजगारपरक कंप्यूटर प्रशिक्षण योजना की समय-सारणी जारी कर दी गई है। योजना के तहत अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के न्यूनतम इंटरमीडिएट उत्तीर्ण बेरोजगार युवक-युवतियों को निःशुल्क ओ-लेवल एवं सीसीसी (CCC) कंप्यूटर प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। प्रशिक्षण भारत सरकार की संस्था नीलिट (NIELIT) से मान्यता प्राप्त संस्थानों के माध्यम से कराया जाएगा।

जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी राजन कुमार ने बताया कि योजना का लाभ केवल उन्हीं अभ्यर्थियों को मिलेगा, जिनके माता- पिता अथवा अभिभावकों की सभी स्रोतों से वार्षिक आय एक लाख रुपये तक है।
प्रशिक्षण प्रदान करने की इच्छुक संस्थाएं 20 मई 2026 से 03 जून 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकती हैं। वहीं प्रशिक्षण प्राप्त करने के इच्छुक अभ्यर्थी 16 जून 2026 से 10 जुलाई 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। योजना से संबंधित विस्तृत दिशा-निर्देश, पात्रता, समय-सारणी एवं आवेदन प्रक्रिया विभागीय वेबसाइट पर उपलब्ध है। ऑनलाइन आवेदन के बाद प्रशिक्षणदायी संस्थाओं को अपने आवेदन-पत्र की हस्ताक्षरित हार्ड कॉपी आवश्यक अभिलेखों सहित 3 जून 2026 को सायं 5 बजे तक तथा अभ्यर्थियों को आवेदन-पत्र की हार्ड कॉपी आवश्यक संलग्नकों सहित 10 जुलाई 2026 तक जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी कार्यालय, कक्ष संख्या-7, प्रथम तल, विकास भवन, बलिया में जमा करना अनिवार्य होगा। विभाग ने पात्र अभ्यर्थियों से निर्धारित समय-सीमा के भीतर आवेदन करने की अपील की है, ताकि उन्हें रोजगारपरक कंप्यूटर प्रशिक्षण का लाभ मिल सके।
यह हैं बलिया में योजना के अन्तर्गत प्रशिक्षण के लिए अधिकृत सेंटर
- AMS Institute of Information and Technology Bibipur Belthara Road Ballia
- logic systems Awas Vikas Colony Ballia
- Dr. Ganeshi Prasad Institute of Information Technology, Ballia
- Brainware computer Manglam Bhavan Tiraha Ballia
- Precious computer kachahari Road Ballia।


