NH-30 पर सुरक्षा में बड़ी चूक व्यस्त इलाके में खुली खुदाई से बढ़ा हादसे का खतरा
NH-30 पर सुरक्षा में बड़ी चूक व्यस्त इलाके में खुली खुदाई से बढ़ा हादसे का खतरा
केशकाल। नगर के सबसे व्यस्त क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-30 (NH-30) के किनारे करीब दो दिन पहले की गई खुदाई के बाद गहरे गड्ढे खुले पड़े हैं। यह स्थान पोस्ट ऑफिस, थाना, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (अस्पताल), नगर पंचायत कार्यालय , स्कूल और मुख्य सब्जी बाजार के समीप स्थित है, जहां दिनभर भारी संख्या में लोगों और वाहनों की आवाजाही रहती है।
सबसे गंभीर बात यह है कि खुदाई के बाद मौके पर न सूचना फलक लगाया गया है, न बैरिकेडिंग की गई है और न ही रेडियम रिफ्लेक्टर अथवा अन्य आवश्यक सुरक्षा संकेत लगाए गए हैं। ऐसे में विशेषकर रात के समय यह स्थिति वाहन चालकों और राहगीरों के लिए दुर्घटना का जोखिम बढ़ा सकती है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर पंचायत के अधिकारी, संबंधित विभाग के अधिकारी तथा काम करने वाली एजेंसी के प्रतिनिधि प्रतिदिन इसी मार्ग से गुजरते हैं, लेकिन खुले गड्ढों और सुरक्षा व्यवस्था की कमी के बावजूद अब तक कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया है।
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन एवं संबंधित कार्यदायी एजेंसी से तत्काल बैरिकेडिंग, चेतावनी बोर्ड, रेडियम रिफ्लेक्टर सहित सभी आवश्यक सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने और खुदाई स्थल को सुरक्षित बनाने की मांग की है।
अब देखना होगा कि संबंधित विभाग और प्रशासन इस मामले को कितनी गंभीरता से लेते हैं तथा आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कब तक आवश्यक कार्रवाई करते हैं।
