केजीएमयू के डॉक्टरों ने बचाई मजदूर की जान, चंदा रानी जैन चैरिटेबल ट्रस्ट के सहयोग से हुआ सफल ऑपरेशन
अमित कुमार चावला/ लखनऊ.

लखनऊ। 13 जुलाई की सुबह बादशाह नगर स्थित एक निर्माणाधीन इमारत पर कार्य करते समय एक मजदूर लगभग 25 फीट ऊंचाई से नीचे गिर गया। हादसा इतना भीषण था कि लोहे की चार सरिया उसके शरीर के आर-पार हो गईं। गंभीर अवस्था में उसे तत्काल ट्रॉमा सेंटर लाया गया।
यहाँ प्रो. डॉ. सोनिया नित्यानंद के निर्देशन में विश्वविद्यालय एवं चंदा रानी जैन चैरिटेबल ट्रस्ट के सहयोग से उसका जटिल एवं विशेष ऑपरेशन किया गया। इस कठिन सर्जरी का नेतृत्व डॉ. समीर मिश्रा एवं डॉ. नरेंद्र कुमार ने अपनी पूरी चिकित्सकीय टीम के साथ किया। चिकित्सकों की कुशलता, तत्परता और अथक प्रयासों से मजदूर की जान बच गई और उसे नया जीवन मिला।
आज चंदा रानी जैन चैरिटेबल ट्रस्ट के मुख्य संरक्षक सिद्धार्थ जैन एवं अध्यक्ष बाबू कैलाशचंद जैन ट्रॉमा सेंटर के सर्जरी विभाग के वार्ड में मरीज का हालचाल जानने पहुंचे। इस दौरान उनकी मुलाकात डॉ. रंभित चंद्रा द्विवेदी से हुई। डॉक्टरों ने बताया कि मरीज अब पूरी तरह स्वस्थ है और अगले दो से तीन दिनों में उसे अस्पताल से छुट्टी देकर उसके घर भेज दिया जाएगा।
इस अवसर पर चिकित्सकों ने उपचार के दौरान मिले सहयोग के लिए चंदा रानी जैन चैरिटेबल ट्रस्ट का आभार व्यक्त किया।
अध्यक्ष बाबू कैलाशचंद जैन ने कहा, ‘चिकित्सक धरती पर भगवान का स्वरूप हैं। आप सभी डॉक्टरों की मेहनत, समर्पण और सेवा के कारण ही एक गंभीर रूप से घायल मजदूर को नया जीवन मिल सका। समाज आपके इस कार्य के लिए सदैव ऋणी रहेगा।’
उन्होंने कहा कि चंदा रानी जैन चैरिटेबल ट्रस्ट भविष्य में भी हर जरूरतमंद, असहाय एवं आर्थिक रूप से कमजोर मरीज की सहायता के लिए सदैव तत्पर रहेगा।
इस अवसर पर डॉ. रंभित चंद्रा द्विवेदी, डॉ. चरणवीर, डॉ. ताहिर, डॉ. अर्चना, डॉ. महक, डॉ. समर, डॉ. धैर्य, डॉ. अंकित सहित सर्जरी विभाग की पूरी चिकित्सकीय टीम उपस्थित रही। स्टाफ में पूजा, सुशील भैया एवं शिवम भैया भी मौजूद रहे.


