आष्टा में रबी उपार्जन व्यवस्था को लेकर समीक्षा बैठक,सतत निगरानी ,किसानों की सुविधा और पारदर्शिता मुख्य बिंदु
एमपी छत्तीसगढ़ डिप्टी स्टेट हेड जितेंद्र राठौर पहलवान की रिपोर्ट

आष्टा। रबी उपार्जन सत्र को व्यवस्थित एवं सुचारू रूप से संचालित करने के उद्देश्य से अनुविभागीय अधिकारी महो.(राजस्व) नितिन कुमार टाले द्वारा खंड स्तरीय उपार्जन समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि उपार्जन कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और किसानों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।

बैठक के दौरान एसडीएम ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्र के उपार्जन केन्द्रों का नियमित निरीक्षण करें तथा सतत निगरानी बनाए रखें, ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या अनियमितता सामने न आए। सभी केन्द्रों पर केवल एफएक्यू (FAQ) गुणवत्ता की उपज का ही उपार्जन सुनिश्चित किया जाए और गुणवत्ता मानकों से किसी प्रकार का समझौता न हो।

किसानों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए केन्द्रों पर पेयजल, छाया, बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही यह भी कहा गया कि केन्द्रों पर आने वाले किसानों को व्यवस्थित रूप से टोकन जारी किए जाएं, जिससे उन्हें लंबी कतारों में खड़ा न रहना पड़े और उपार्जन प्रक्रिया सुचारू रूप से चलती रहे।
बैठक में उपार्जन कार्य को गति देने के लिए यह भी निर्देशित किया गया कि निर्धारित स्लॉट के अनुसार हम्माल एवं तौल कांटों का संचालन किया जाए, जिससे समयबद्ध तरीके से उपज की तुलाई हो सके और किसानों को अनावश्यक देरी का सामना न करना पड़े।
मौसम में हो रहे बदलाव को ध्यान में रखते हुए एसडीएम ने सभी केन्द्र प्रभारियों को निर्देश दिए कि केन्द्रों पर तिरपाल की पर्याप्त व्यवस्था रखी जाए, ताकि अचानक बारिश या खराब मौसम की स्थिति में अनाज को सुरक्षित रखा जा सके। साथ ही किसानों से भी अपील की गई कि वे अपनी उपज के साथ तिरपाल अवश्य लेकर आएं, जिससे फसल को नुकसान से बचाया जा सके।
बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि उपार्जन कार्य में पारदर्शिता बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है। किसी भी प्रकार की शिकायत या अनियमितता पाए जाने पर संबंधित अधिकारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। एसडीएम ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप किसानों को समय पर भुगतान एवं बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
इस महत्वपूर्ण बैठक का मुख्य उद्देश्य रबी उपार्जन व्यवस्था को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और किसान हितैषी बनाना रहा, ताकि किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े और उनका अनाज समय पर एवं उचित प्रक्रिया के तहत खरीदा जा सके।



