बामौर सीएचसी के औचक निरीक्षण में चमकी स्वास्थ्य व्यवस्थाएं: सीएमओ ने दी शाबाशी, संस्थागत प्रसव बढ़ाने के दिए निर्देश

ब्यूरो चीफ आयुष त्रिपाठी
बामौर (झांसी)। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. शिशिर पुरी ने मंगलवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बामौर का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान अस्पताल परिसर में साफ-सफाई और स्वास्थ्य सेवाओं की व्यवस्थाएं संतोषजनक मिलने पर उन्होंने अधीक्षक डॉ विमल कुमार सहित पूरे स्टाफ की सराहना की। निरीक्षण की शुरुआत इमरजेंसी सेवाओं से हुई,जहां मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ शिशिर पूरी ने सभी स्वास्थ्य कर्मियों को निर्धारित प्रोटोकॉल का शत-प्रतिशत पालन करने और अनिवार्य रूप से ड्रेस कोड में कार्य करने के निर्देश दिए। इसके बाद फार्मेसी के निरीक्षण के दौरान दवाओं के सुव्यवस्थित रखरखाव और उनके वितरण की व्यवस्था की प्रशंसा की गई। लेबर रूम का जायजा लेते हुए सीएमओ ने अस्पताल में एनबीएसयू (न्यूबॉर्न स्टेबलाइजेशन यूनिट) की स्थापना के लिए शासन को प्रस्ताव भेजने की प्रक्रिया शीघ्र शुरू करने को कहा। इसके अलावा संस्थागत प्रसव की संख्या अपेक्षाकृत कम मिलने पर आशा कार्यकर्ताओं को अधिक से अधिक गर्भवती महिलाओं को सुरक्षित प्रसव के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए। सीएमओ ने प्रबंधकीय कार्यों में समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण रिपोर्टिंग, नियमित समीक्षा तथा राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक की तैयारियों में तेजी लाने पर विशेष बल दिया। उन्होंने सभी कमियों (गैप्स) की शीघ्र पहचान कर उन्हें प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के अंत में मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने अस्पताल की कार्यप्रणाली, कर्मचारियों की कार्यशैली और साफ-सफाई पर संतोष व्यक्त किया तथा सभी कर्मियों को इसी प्रकार उच्च गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं निरंतर प्रदान करने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर सीएचसी अधीक्षक डॉ.विमल कुमार, डॉ.धर्मेश,डॉ. सफिया खान, ब्लॉक कार्यक्रम प्रबंधक शैलेश यादव,ब्लॉक कम्युनिटी प्रोसेस प्रबंधक सुनीता,ब्लॉक लेखा प्रबंधक विनोद साहनी, फार्मासिस्ट त्रिभुवन सिंह, एआरओ रोहित अग्रवाल,अर्चना,पुष्पा, आजाद,शशिकांत,शिवम, रविन्द्र कुमार,प्रदीप,वीर सिंह, टीपी श्रीवास्तव,महेंद्र वर्मा, अरुण कुमार,जितेंद्र और रामकृपाल सहित अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।




