बरूआसागर में गूंजा नशामुक्ति का संदेश, निरपेंद्र सिंह अहिरवार के नेतृत्व में हुआ भारत रन 2026

बरूआसागर ( झाँसी ) । युवाओं को नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश देने के उद्देश्य से मंगलवार को बरूआसागर में “नशामुक्त युवा–विकसित भारत रन 2026” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन निरपेंद्र सिंह अहिरवार द्वारा किया गया। रन की शुरुआत परान के मैदान से हुई, जिसमें नगर के विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों एवं युवाओं ने नशे के खिलाफ जागरूकता का संदेश देते हुए दौड़ में हिस्सा लिया। प्रतिभागियों ने लोगों को नशे से दूर रहने तथा समाज को नशामुक्त बनाने के लिए जागरूक किया। पूरे कार्यक्रम के दौरान युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
भारत रन 2026 में क्षेत्र के कई विशिष्ट एवं गणमान्य अतिथियों ने भी सहभागिता की और युवाओं का उत्साहवर्धन किया। अतिथियों ने कहा कि नशा न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को प्रभावित करता है, बल्कि परिवार और समाज पर भी इसका गंभीर प्रभाव पड़ता है। ऐसे जागरूकता कार्यक्रम युवाओं को सकारात्मक दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
आयोजक निरपेंद्र सिंह अहिरवार ने कहा कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना और उन्हें खेल एवं स्वस्थ जीवन की ओर प्रेरित करना है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों, विद्यालयों, अतिथियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम के समापन पर प्रतिभागियों एवं उपस्थित लोगों ने नशामुक्त समाज और विकसित भारत के निर्माण में अपनी भूमिका निभाने का संकल्प लिया।



