बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा के साथ संस्कार देना जरूरी
नवनिर्मित रेवांचल हाइट्स स्कूल का शुभारंभ सुप्रसिद्ध कथा वाचक÷जया किशोरी जी ने किया

रिपोर्ट सुधीर बैसवार
सनावद / निमाड़ क्षेत्र के नौनिहालों के लिए नवनिर्मित आधुनिक शैक्षणिक सुविधाओं से लैस एवं व्यक्तित्व निर्माण के केंद्र रेवांचल हाइट्स स्कूल का शुभारंभ सुप्रसिद्ध प्रेरक वक्ता एवं कथावाचिका जया किशोरी जी ने किया।
इस अवसर पर क्षेत्र के हजारों की संख्या में अभिभावक एवं विद्यार्थी उपस्थित थे। जया किशोरी जी ने अपनी ओजस्वी वाणी में प्रेरक उद्बोधन देते हुए कहा कि आधुनिक शिक्षा पद्धति और नैतिक मूल्यों के बीच संतुलन कायम रहना अत्यंत जरूरी है।बच्चे स्कूलों में विद्यार्जन करते हैं लेकिन सुसंस्कार तो परिवार से ही मिलते हैं। बच्चों को संस्कारित करना माता पिता की जिम्मेदारी है। जया किशोरी जी ने कहा कि वर्तमान समय में शिक्षा प्रणाली केवल रोजगार पाना और धन कमाना सिखा रही है।लेकिन बच्चों को एक संस्कारवान और जिम्मेदार नागरिक बनना नहीं सिखाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पुराने समय में डिग्री हासिल करने वाला ज्ञान भले ही कम था, लेकिन बच्चे और युवा बड़ों के प्रति आदर का भाव रखते थे। बच्चों को परिवारों के धार्मिक और नैतिक मूल्यों की प्रेरणा घर और स्कूल दोनों जगह मिलती थी। लेकिन वर्तमान समय में बच्चों को अधिकांश स्कूलों में शिक्षा के साथ संस्कार नहीं मिल पा रहे हैं। जया किशोरी जी ने अभिभावकों को नसीहत देते हुए कहा कि बच्चों को सुसंस्कारित करने की शुरुआत घर से ही होनी चाहिए। क्योंकि बच्चा वही सीखता है जो वह अपने माता-पिता को करते हुए देखता है। उन्होंने कहा कि यदि बच्चा गलती करे तो उसे मारने-पीटने के बजाय उसे क्षमा करें और धैर्यपूर्वक विश्वास में लें एवं उसका भय दूर करें। ताकि बच्चा भयभीत होकर गलत कदम नहीं उठाए। उन्होंने कहा कि बच्चों की जिद पूरी करने के बजाय उसे सही-गलत का अंतर समझाएं। जिद पूरी नहीं की तो बच्चा थोड़ी देर रोएगा, लेकिन यदि संस्कार नहीं दिए तो बच्चा जीवन भर रोएगा। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि जीवन में केवल फर्स्ट आना जरूरी नहीं है, बल्कि ज्ञान अर्जित कर समाज में सकारात्मक बदलाव लाना ही असली सफलता है। 
जया किशोरी जी ने कहा कि
विवाह करने से पूर्व आत्मनिर्भर बनें।विवाह जल्दबाजी में नहीं अपितु पूरी तरह सोच विचार कर करना चाहिए।समारोह के प्रारंभ में रेवांचल हाइट्स स्कूल परिवार की मंगला जोशी,चंदा माहेश्वरी एवं जया किशोरी जी ने दीप प्रज्ज्वलन किया। विधायक सचिन बिरला,स्कूल के डायरेक्टर पुष्पेंद्र चोखड़ा,मिलिंद जोशी, वंश चोखड़ा एवं परीक्षित जोशी ।
जया किशोरी जी का आत्मीय अभिनंदन किया। स्कूल के डायरेक्टर वंश चोखड़ा ने स्कूल के दृष्टिकोण और उद्देश्यों पर विस्तारपूर्वक प्रकाश डाला और कहा कि रेवांचल हाइट्स स्कूल अपने नाम के अनुरूप क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को उच्चतम आयाम प्रदान करेगा। स्कूल का उद्देश्य विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षा के साथ अनुशासन,संस्कार और नैतिक मूल्यों का विकास करना है। स्कूल में विद्यार्थियों को विद्यार्जन के साथ व्यक्तित्व विकास के प्रचुर अवसर मिलेंगे। रेवांचल हाइट्स स्कूल अपने विद्यार्थियों को उज्जवल भविष्य देने के लिए संकल्पबद्ध है।

अंत में जया किशोरी जी को नर्मदेश्वर शिवलिंग स्मृति चिन्ह स्वरूप भेंट किया गया। उल्लेखनीय है कि रेवांचल हाइट्स स्कूल का निर्माण सनावद नगर के चोखड़ा परिवार एवं बड़वाह के जोशी परिवार (पंचवटी श्रद्धा सबूरी ग्रुप) द्वारा किया गया है।



