Uncategorized

कैमूर में भीषण सड़क हादसा: बस–ट्रॉली ट्रक की टक्कर में तीन की मौत, दर्जनों घायल

तुराब खान। कुदरा। कैमूर भभुआ।

रविवार की अहले सुबह कैमूर जिला से एक बड़ी और हृदयविदारक घटना सामने आई। कुदरा थाना क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग 19 पर नसेज गांव के समीप जमशेदपुर से वाराणसी जा रही एक स्लीपर बस को मोहनिया से सासाराम की ओर जा रही ट्रॉली ट्रक ने डिवाइडर पार कर जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में मौके पर तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दर्जनों यात्री घायल हो गए।

घटना तड़के करीब तीन बजे की बताई जा रही है। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना की सूचना मिलते ही कुदरा थाना पुलिस, डायल 112 की टीम तथा एनएचएआई पेट्रोलिंग दल घटनास्थल पर पहुंच गए और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रॉली ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार कर दूसरी लेन में घुस गया, जिससे सामने से आ रही बस से सीधी भिड़ंत हो गई। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

होली के उत्सव के बीच इस दर्दनाक हादसे से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। जिन परिवारों के सदस्य इस बस में सवार थे, उनके घरों में मातम पसरा हुआ है। प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को हरसंभव सहायता देने का आश्वासन दिया है।

मृतकों की पहचान:

डिकछिपा पटेल (9 वर्ष), पिता – दीपक पटेल, सुखवाही चितैगपुर, वाराणसी

आभा रानी सिंह (45 वर्ष), पति – अरुण कुमार शर्मा, भुलनपुर रोहनिया, वाराणसी

विजय कुमार सिंह (55 वर्ष), निवासी – सहिरा जलालपुर, आंबेडकर नगर, वाराणसी

पुलिस द्वारा आगे की कार्रवाई जारी है तथा घायलों की स्थिति पर प्रशासन की नजर बनी हुई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!