संगठन सृजन अभियान में कांग्रेस की बड़ी कवायद, शमशाबाद बैठक में जुटा संगठन का पूरा कुनबा प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के निर्देश पर हुई बैठक, प्रदेश प्रभारी के मार्गदर्शन में संगठन मजबूती पर जोर

कांटाफोड़ – मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के निर्देश एवं प्रदेश प्रभारी के मार्गदर्शन में प्रदेशभर में चलाए जा रहे “संगठन सृजन अभियान” के तहत विदिशा जिले की शमशाबाद विधानसभा में कांग्रेस की महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई। शमशाबाद स्थित आरएम गार्डन में हुई इस बैठक में जिला कांग्रेस प्रभारी राजेश रघुवंशी और विधानसभा प्रभारी निर्मल पुरोहित ने कांग्रेस पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं को संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने के दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में कांग्रेस का पूरा संगठनात्मक ढांचा एक मंच पर दिखाई दिया। ब्लॉक, मंडलम और पंचायत कमेटियों के अध्यक्षों सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की मौजूदगी ने साफ संकेत दिए कि कांग्रेस आगामी समय में संगठन को जमीनी स्तर पर नई धार देने की तैयारी में जुट चुकी है।
जिला कांग्रेस प्रभारी राजेश रघुवंशी ने कहा कि प्रदेश नेतृत्व के निर्देश पर संगठन सृजन अभियान को गांव-गांव तक पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि जनता के मुद्दों को मजबूती से उठाते हुए कांग्रेस की विचारधारा को हर घर तक पहुंचाना होगा। उन्होंने कहा कि बूथ स्तर पर मजबूत संगठन ही कांग्रेस की असली ताकत बनेगा।
विधानसभा प्रभारी निर्मल पुरोहित ने अपने संबोधन में कार्यकर्ताओं में नया उत्साह भरते हुए कहा कि संगठन की मजबूती ही आगामी राजनीतिक लड़ाई की सबसे बड़ी नींव है। उन्होंने पदाधिकारियों से सक्रियता, अनुशासन और निरंतर जनसंपर्क बनाए रखने का आह्वान किया। पुरोहित ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं के समाधान के लिए संघर्ष करें और संगठन को हर पंचायत तक सक्रिय बनाएं।
बैठक में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी और प्रदेश प्रभारी द्वारा संगठन को बूथ स्तर तक सशक्त करने, नए कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी देने और जनसंपर्क अभियान तेज करने के दिए गए निर्देशों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। नेताओं ने कहा कि संगठन सृजन अभियान कांग्रेस को नई ऊर्जा और मजबूती देने का बड़ा माध्यम बनेगा।
बैठक में जिला कांग्रेस ग्रामीण अध्यक्ष मोहित रघुवंशी, पूर्व प्रत्याशी कुंवर सिंधु विक्रम सिंह, पूर्व जनपद अध्यक्ष इंदर सिंह यादव, विंग कमांडर अनुमा आचार्य, जिला पंचायत सदस्य सीमा अहिरवार सहित विधानसभा क्षेत्र के कई वरिष्ठ नेता, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
बैठक के दौरान संगठन विस्तार, बूथ प्रबंधन, आगामी रणनीति और जनसंपर्क अभियान को लेकर भी विस्तार से चर्चा की गई। नेताओं ने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर कांग्रेस संगठन को नई मजबूती देने का संकल्प लेने का आह्वान किया।


