कार्यालय से बाहर निकलकर गांवों तक पहुंच रहे सीईओ आकाश जैन, विकास कार्यों में दिख रही तेजी
घंसौर को मिला जमीनी स्तर पर काम करने वाला युवा अधिकारी, ग्रामीणों के बीच बन रही अलग पहचान

घंसौर। जनपद पंचायत घंसौर में मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) के रूप में पदस्थ हुए युवा अधिकारी आकाश जैन अपनी कार्यशैली और सक्रियता के कारण अल्प समय में ही क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गए हैं। विगत 16 अप्रैल 2026 को घंसौर जनपद पंचायत में पदस्थापना के बाद से ही उन्होंने कार्यालय तक सीमित रहने के बजाय सीधे गांवों में पहुंचकर समस्याओं का निराकरण करना शुरू कर दिया है। युवा ऊर्जा और सकारात्मक सोच के साथ कार्य कर रहे आकाश जैन विकास कार्यों की लगातार निगरानी कर रहे हैं। उनकी कार्यप्रणाली का सबसे बड़ा पहलू यह है कि वे जनप्रतिनिधियों, पंचायत कर्मियों एवं विभागीय अधिकारियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर योजनाओं को धरातल पर उतारने का प्रयास कर रहे हैं। यही कारण है कि कम समय में ही उनकी एक संवेदनशील और कार्यशील अधिकारी की छवि उभरकर सामने आई है।
*भीषण गर्मी में गांव पहुंचकर जल संकट का कराया समाधान*
हाल ही में घंसौर विकासखंड के समीपस्थ ग्राम पौड़ी में भीषण जल संकट की स्थिति उत्पन्न हो गई थी। ग्रामीणों को पेयजल के लिए भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। सूचना मिलते ही सीईओ आकाश जैन स्वयं मौके पर पहुंचे और तेज धूप के बीच स्थिति का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को तत्काल आवश्यक निर्देश दिए तथा समस्या के समाधान के लिए प्रभावी कदम उठाए। ग्रामीणों का कहना है कि किसी अधिकारी को पहली बार इतनी गंभीरता के साथ गांव में पहुंचकर समस्या का समाधान करते देखा गया। उनकी सक्रियता से ग्रामीणों में प्रशासन के प्रति विश्वास और मजबूत हुआ है।
सीधे सुन रहे ग्रामीणों की समस्याएं
सीईओ आकाश जैन लगातार क्षेत्र भ्रमण कर रहे हैं और ग्रामीणों से सीधे संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं को सुन रहे हैं। वे केवल शिकायतें सुनने तक सीमित नहीं रहते, बल्कि संबंधित मामलों में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने का प्रयास भी करते हैं। उनकी इस कार्यशैली को ग्रामीणों द्वारा काफी सराहा जा रहा है एवं विकास कार्यों की कर रहे सतत निगरानी तो बही जनपद पंचायत क्षेत्र में चल रहे निर्माण कार्यों, शासकीय योजनाओं और पंचायत स्तर की गतिविधियों की भी वे नियमित समीक्षा कर रहे हैं। उनका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंचे और विकास कार्यों में गुणवत्ता बनी रहे।
*भ्रष्टाचार पर सख्त रुख , लापरवाही करने पर की जाएगी कार्यवाही*
पदभार ग्रहण करने के बाद आकाश जैन ने विभागीय कर्मचारियों को स्पष्ट संदेश दिया है कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनियमितता अथवा भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने सभी कर्मचारियों को पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ कार्य करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही यह भी कहा है कि आम जनता की समस्याओं का समयबद्ध निराकरण प्राथमिकता होना चाहिए।
*पहली पदस्थापना में ही छोड़ रहे प्रभाव*
गौरतलब है कि आकाश जैन हाल ही में मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग (पीएससी) के माध्यम से चयनित हुए हैं और घंसौर में सीईओ जनपद पंचायत के रूप में उनकी यह पहली पदस्थापना है। अपनी पहली ही जिम्मेदारी में वे जिस सक्रियता और समर्पण के साथ कार्य कर रहे हैं, उससे क्षेत्र के लोगों में उनसे काफी उम्मीदें जुड़ गई हैं। इस संबंध में सीईओ आकाश जैन का कहना है कि, “मेरी पूरी कोशिश रहेगी कि क्षेत्र की प्रत्येक समस्या का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाए। शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और जनता को बेहतर प्रशासनिक सेवाएं मिलें, यही मेरा लक्ष्य है।”
युवा सोच, जमीनी कार्यशैली और जनहित के प्रति समर्पण के कारण आकाश जैन घंसौर क्षेत्र में एक ऐसे अधिकारी के रूप में पहचान बना रहे हैं, जो कार्यालय से अधिक जनता के बीच रहकर काम करने में विश्वास रखते हैं।



