Uncategorized

मौसम की करवट से बदले हालात, राहत के साथ किसानों की बढ़ी चिंता भीषण गर्मी से मिली राहत, तेज आंधी-बारिश से खेतों में खड़ी मूंग की फसल को नुकसान की आशंका, कई स्थानों पर पेड़ भी गिरे

कांटाफोड़ – क्षेत्र में सोमवार को मौसम ने अचानक करवट लेते हुए पूरे माहौल को बदल दिया। दोपहर बाद तेज हवाओं, धूलभरी आंधी और गरज-चमक के साथ शुरू हुई बारिश करीब एक घंटे तक होती रही। पिछले कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी और उमस से बेहाल लोगों को इस बारिश ने बड़ी राहत दी, वहीं खेतों में पककर तैयार खड़ी मूंग की फसल को लेकर किसानों की चिंता बढ़ गई है।
तेज आंधी के कारण क्षेत्र के कई स्थानों पर पेड़ गिरने की घटनाएं भी सामने आईं। अचानक चली तेज हवाओं से लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। कई जगह पेड़ों की बड़ी-बड़ी टहनियां टूटकर गिर गईं, जिससे आंधी की तीव्रता का अंदाजा लगाया जा सकता है।
अचानक बदले मौसम के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई और लोगों ने राहत महसूस की। हालांकि किसानों के लिए यह राहत चिंता के साथ आई। वर्तमान में क्षेत्र के अधिकांश गांवों में मूंग की फसल पककर खेतों में खड़ी है और कटाई की तैयारी चल रही है। ऐसे समय में हुई बारिश किसानों के लिए परेशानी का कारण बन गई है।
किसानों का कहना है कि बारिश से मूंग की फसल में नमी बढ़ सकती है, जिससे दानों की गुणवत्ता प्रभावित होने और फसल खराब होने की आशंका है। कई किसानों ने खेतों पर पहुंचकर फसल की स्थिति का जायजा लिया और मौसम साफ होने की उम्मीद जताई।
एक ओर बारिश ने लोगों को भीषण गर्मी से राहत दी, तो दूसरी ओर किसानों की चिंता बढ़ा दी है। कृषि प्रधान इस क्षेत्र में अब किसानों की नजरें मौसम पर टिकी हुई हैं। मौसम की इस अचानक करवट ने राहत और चिंता, दोनों तरह के हालात एक साथ पैदा कर दिए हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!