तीन सगे भाई-बहनों ने RAS 2024 में रचा इतिहास, झाड़ोली के इंदा परिवार की बड़ी उपलब्धि
सीमित संसाधनों के बीच मेहनत, अनुशासन और परिवार के मार्गदर्शन से तीनों भाई-बहनों ने एक साथ RAS परीक्षा में सफलता हासिल कर पूरे क्षेत्र को किया गौरवान्वित

रिपोर्ट:-सुरेश चौहान (9571081159)
राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) द्वारा घोषित RAS 2024 परीक्षा परिणाम में झाड़ोली गांव के इंदा परिवार ने एक अनोखी मिसाल पेश की है। परिवार के तीन सगे भाई-बहन—परमवीर सिंह इंदा, सेजल कुंवर और महिपाल सिंह इंदा—ने एक साथ इस प्रतिष्ठित परीक्षा में सफलता हासिल कर इतिहास रच दिया है।
परमवीर सिंह इंदा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 24वीं रैंक प्राप्त की, जबकि उनकी बहन सेजल कुंवर ने 120वीं रैंक हासिल की। खास बात यह है कि परमवीर और सेजल इससे पहले RAS 2022 में भी चयनित हो चुके थे और इस बार उन्होंने अपनी रैंक में उल्लेखनीय सुधार किया है। वहीं, छोटे भाई महिपाल सिंह इंदा ने 931वीं रैंक के साथ चयन सूची में स्थान बनाया।
तीनों की इस सफलता के पीछे परिवार का अनुशासित वातावरण और माता-पिता का मार्गदर्शन अहम रहा। उनके पिता सरकारी स्कूल में अध्यापक हैं, जबकि माता गृहिणी हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद परिवार ने शिक्षा को प्राथमिकता दी और बच्चों को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
परिणाम घोषित होते ही झाड़ोली गांव और आसपास के क्षेत्रों में खुशी की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों ने इस उपलब्धि को पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का क्षण बताया और युवाओं के लिए प्रेरणादायक उदाहरण माना।
इंदा परिवार की यह सफलता इस बात का प्रमाण है कि दृढ़ संकल्प, निरंतर मेहनत और सही मार्गदर्शन से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।



