केशकाल नगर पंचायत की बड़ी लापरवाही, स्वच्छता व्यवस्था पर उठे सवाल

केशकाल नगर पंचायत की बड़ी लापरवाही, स्वच्छता व्यवस्था पर उठे सवाल
केशकाल में स्वच्छता को लेकर लगातार बड़े-बड़े दावे किए जाते हैं, लेकिन ज़मीनी हकीकत कुछ और ही दिखाई दे रही है। ग्राउंड और आसपास का क्षेत्र इन दिनों गंदगी का अंबार बना हुआ है। जो मैदान कभी साफ-सुथरा और लोगों के आकर्षण का केंद्र हुआ करता था, वहां आज चारों तरफ कचरे के ढेर पड़े हुए हैं।
स्थानीय लोग रोज सुबह 4 बजे मॉर्निंग वॉक, योग और व्यायाम के लिए इस ग्राउंड में पहुंचते हैं। बच्चे खेलकूद करते हैं, वहीं कई युवा शारीरिक तैयारी और दौड़ की प्रैक्टिस भी करते हैं। बुजुर्गों की भी यहां रोज आवाजाही रहती है। लेकिन मैदान में फैली गंदगी और कचरे के कारण लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि कई बार नगर पंचायत अधिकारियों को शिकायत दी गई, लेकिन अब तक सफाई की कोई ठोस व्यवस्था नहीं की गई। मैदान के एक तरफ स्थित तालाब भी गंदगी से भरा हुआ है। बड़ी मात्रा में कचरा जमा होने के कारण तालाब का पानी दूषित हो रहा है, जबकि कई लोग वहीं स्नान करने भी पहुंचते हैं।
सबसे चिंताजनक बात यह है कि पास में स्थित पानी टंकी तक गंदगी और धूल पहुंच रही है। लोगों का आरोप है कि हवा चलने पर धूल और कचरा पानी तक पहुंच सकता है, जिससे स्वास्थ्य पर बुरा असर पड़ने की आशंका है।
स्थानीय नागरिकों ने नगर पंचायत से जल्द सफाई अभियान चलाने, तालाब की साफ-सफाई कराने और पूरे क्षेत्र की नियमित निगरानी की मांग की है। अब देखना होगा कि खबर सामने आने के बाद प्रशासन इस मामले में क्या कार्रवाई करता है।

