छात्रवृत्ति परीक्षा में शानदार सफलता: 14 विद्यालयों के शिक्षक हुए सम्मानित

संवाददाता-सत्येन्द्र गुप्ता(रानीगंज बाजार)

बलिया। बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित सम्मान समारोह में राष्ट्रीय योग्यता आधारित छात्रवृत्ति परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 14 विद्यालयों के शिक्षकों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में सफल विद्यार्थियों के मार्गदर्शन एवं बेहतर परिणाम देने वाले शिक्षकों को प्रशस्ति पत्र देकर उत्साहवर्धन किया गया।
जनपद की नोडल प्रतिमा उपाध्याय ने बताया कि इससे पूर्व पांच या उससे अधिक सफल विद्यार्थियों वाले शिक्षकों को लखनऊ में सम्मानित किया जा चुका है। इस बार उन विद्यालयों को सम्मानित किया गया, जहां तीन एवं चार विद्यार्थियों ने छात्रवृत्ति परीक्षा में सफलता प्राप्त की।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मनीष सिंह ने कहा कि विद्यार्थियों की सफलता शिक्षकों की मेहनत, विद्यालय के अनुशासन और अभिभावकों के सहयोग का परिणाम है। उन्होंने कहा कि ऐसे विद्यालय अन्य छात्रों के लिए प्रेरणा बनते हैं तथा शिक्षा की गुणवत्ता को नई दिशा देते हैं।
कार्यक्रम में सफल विद्यार्थियों को भी शुभकामनाएं दी गईं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। इस अवसर पर जनपदीय नोडल प्रतिमा उपाध्याय, खंड शिक्षा अधिकारी, प्रधानाध्यापक, शिक्षक एवं अभिभावक उपस्थित रहे।
बीएसए ने सभी विद्यालयों से छात्रवृत्ति परीक्षाओं की तैयारी को और मजबूत करने तथा अधिक से अधिक विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।
सम्मानित विद्यालयों की सूची
कम्पोजिट विद्यालय वैना, कम्पोजिट विद्यालय बिच्छी बोज पंदह, कम्पोजिट विद्यालय कठौना नवानगर, पूर्व माध्यमिक विद्यालय शेरवा कला, पीएम श्री कम्पोजिट विद्यालय नदौली रसड़ा, कम्पोजिट विद्यालय एकइल पंदह, उच्च प्राथमिक विद्यालय रानीगंज बैरिया, उच्च प्राथमिक विद्यालय लबकरा रसड़ा, उच्च प्राथमिक विद्यालय नगरा बलिया, कम्पोजिट विद्यालय अब्दुलपुर मदारी नगर, उच्च प्राथमिक विद्यालय शाहपुर गरवार, कम्पोजिट विद्यालय ककरासो सियर, कम्पोजिट विद्यालय पुरास बेलहरी तथा पूर्व माध्यमिक विद्यालय दुधैला बेलहरी।




