कांटाफोड़ में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी द्वारा अघोषित बिजली कटौती तथा गेहूं उपार्जन की स्लॉट बुकिंग सहित अन्य मांगों को लेकर निकाली रैली, नायब तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन
कांटाफोड़ -ब्लॉक कांग्रेस कमेटी कांटाफोड़ द्वारा अघोषित बिजली कटौती, गेहूं उपार्जन की स्लॉट बुकिंग, मूंग गिरदावरी एवं नगर की अन्य समस्याओं को लेकर गांधी चौक से नगर परिषद तक रैली निकाली गई। इसके बाद नायब तहसीलदार राजाराम कन्नौजे को कलेक्टर देवास के नाम ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन का वाचन ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष विष्णु मीणा ने किया।
ज्ञापन में कहा गया कि भीषण गर्मी के बीच रात में हो रही अघोषित बिजली कटौती से आमजन का जनजीवन प्रभावित हो रहा है। कांग्रेस नेताओं ने मांग की कि रात के समय बिजली कटौती तत्काल बंद की जाए और यदि लोड शेडिंग आवश्यक हो तो दिन के समय निर्धारित अवधि में की जाए।
इसके अलावा किसानों की गेहूं उपार्जन स्लॉट बुकिंग में आ रही तकनीकी समस्याओं को लेकर भी नाराजगी जताई गई। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि किसान अपनी उपज बेचने के लिए परेशान हो रहे हैं। साथ ही मूंग फसल की गिरदावरी शुरू नहीं होने का मुद्दा भी उठाया गया।
ज्ञापन में कांटाफोड़-लोहारदा क्षेत्र में नल-जल योजना के तहत खोदी गई सड़कों की खराब स्थिति को लेकर भी प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान विद्युत विभाग अधिकारी आशीष पटेल और नगर परिषद सीएमओ मुकेश चौबे भी मौजूद रहे। इस दौरान आशीष पटेल ने कहा कि बिजली संबंधी समस्याओं का जल्द समाधान किया जाएगा। वहीं सीएमओ मुकेश चौबे ने बताया कि नल-जल योजना से संबंधित एजेंसी से चर्चा हो चुकी है और 5 तारीख तक नगर में खुदी पाइप लाइन और सड़कों का कार्य पूरा कर दिया जाएगा।
स्लॉट बुकिंग और मूंग गिरदावरी के संबंध में नायब तहसीलदार राजाराम कन्नौजे ने कहा कि वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत करा दिया गया है और जल्द ही समस्याओं के समाधान का प्रयास किया जाएगा।
रैली एवं ज्ञापन कार्यक्रम में योगेश पाटोदी, अभिषेक जोशी, देवेंद्र पटेल, , युवक कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष अर्पित जायसवाल, ललित सोनी, चेतन जारवाल, नितिन जोनवाल, गुरमीत भाटिया, विमल सुराना, श्रीनिवास तिवारी, गुलाब सिसोदिया, रामेश्वर शर्मा, दिलीप पटेल, पार्षद अरुण राठौर, राम सत्तावन,शाहरुख नेता सहित कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो उग्र आंदोलन किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।



