बलिया: सीयर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में दलाली और डॉक्टरों की कमी का मुद्दा गरमाया
MLC प्रतिनिधि ने उप मुख्यमंत्री/स्वास्थ्य मंत्री को लिखा शिकायती पत्र

बलिया। जिले में स्वास्थ्य व्यवस्था की बदहाली और चिकित्सा केंद्रों में व्याप्त भ्रष्टाचार का मामला फिर से चर्चा में है बलिया के बेल्थरा रोड स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में फैली अव्यवस्थाओं, दलाली और विशेषज्ञ डॉक्टरों की भारी कमी को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) के सदस्य विधान परिषद (MLC) रविशंकर सिंह ‘पप्पू भैया’ के प्रतिनिधि एवं ड्रजिस्ट और ड केमिस्ट एसोसिएशन बलिया के नगर अध्यक्ष रविशंकर सिंह ‘पिक्कू’ ने प्रदेश के उप मुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक को एक शिकायती पत्र भेजा है, इस पत्र के माध्यम से सीयर स्वास्थ्य केंद्र की दयनीय स्थिति को उजागर करते हुए तत्काल उच्च स्तरीय जांच और डॉक्टरों की नियुक्ति की मांग की गई है।

पूर्व प्रधानमंत्री की कर्मभूमि में स्वास्थ्य सेवाएं वेंटिलेटर पर
उप मुख्यमंत्री को भेजे गए पत्र में रविशंकर सिंह ‘पिक्कू’ ने इस बात पर विशेष जोर दिया है कि सीयर का यह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देश के पूर्व प्रधानमंत्री स्व० चन्द्रशेखर जी के गृह नगर का स्वास्थ्य केंद्र और उनकी कर्मभूमि रही है। इतने ऐतिहासिक और महत्वपूर्ण स्थान पर स्थित स्वास्थ्य केंद्र की वर्तमान स्थिति बेहद चिंताजनक बनी हुई है।
शिकायती पत्र में स्वास्थ्य केंद्र के भीतर चल रहे भ्रष्टाचार का गंभीर आरोप लगाया गया है। पत्र के अनुसार, सीएचसी सीयर के परिसर में दलाल प्रकृति के लोग बड़े पैमाने पर सक्रिय हैं। ये दलाल इलाज के लिए आने वाली क्षेत्र की गरीब, लाचार और परेशान जनता को जांच व दवा के बारे में तरह-तरह के प्रलोभन देकर उनसे अवैध रूप से धन उगाही कर रहे हैं। MLC प्रतिनिधि ने उप मुख्यमंत्री से इस पूरे दलाली नेटवर्क की अपने स्तर से जांच कराने की मांग की है।
विशेषज्ञ डॉक्टरों की कमी और परिवहन का अभाव ले रहा है जान
भ्रष्टाचार के अलावा अस्पताल में डॉक्टरों की भारी किल्लत का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया है। पत्र में कहा गया है कि स्वास्थ्य केंद्र पर विशेषज्ञ चिकित्सकों की भारी कमी है, वहीं जो चिकित्सक तैनात हैं वह भी नियमानुसार नहीं आते हैं चूंकि यह क्षेत्र जनपद मुख्यालय बलिया से लगभग 65 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है और यहां से जिला अस्पताल तक के लिए कोई सुगम परिवहन व्यवस्था भी उपलब्ध नहीं है, ऐसे में गंभीर रूप से बीमार गरीब मरीज समुचित और समय पर इलाज न मिलने के कारण दम तोड़ने को मजबूर हैं।
क्षेत्र की जनता की इस गंभीर समस्या को देखते हुए रविशंकर सिंह ‘पिक्कू’ ने उप मुख्यमंत्री से प्रार्थना की है कि उपरोक्त सभी बिंदुओं पर ध्यान देते हुए सीयर सीएचसी पर चल रहे भ्रष्टाचार की तत्काल जांच कराई जाए। साथ ही, वहां खाली पड़े विशेषज्ञ चिकित्सकों के पदों पर जल्द से जल्द नियुक्तियां की जाएं ताकि क्षेत्र की गरीब और असहाय जनता को सुलभ व उचित चिकित्सा लाभ मिल सके।
पूर्व में नगर के सभासद सहित अन्य लोग भी उठा चुके हैं डॉक्टरों की कमी, गैर हाजरी और धनउगाही का मुद्दा
इस मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए इस पत्र की प्रतिलिपि (Copy) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री, जिलाधिकारी बलिया और मुख्य चिकित्साधिकारी (CMO) बलिया को भी आवश्यक कार्रवाई हेतु प्रेषित की गई है यहां आपको बता दें कि इससे पूर्व में भी नगर के सभासद मोहम्मद सद्दाम सहित और भी कई लोगों ने डॉक्टरों की गैर हाजरी और डॉक्टरों द्वारा धन उगाही करने से संबंधित कई शिकायतें की थी जिस मामले ने बहुत तूल पकड़ा था लेकिन फिर भी स्वास्थ्य महकमें के द्वारा कोई कड़ी कार्रवाई स्पष्ट रूप से दिखाई नहीं दी ना ही यहां के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की कार्यशैली में कोई सुधार नजर आया अब देखना यह है कि स्वास्थ्य विभाग इस गंभीर शिकायत पर कितनी जल्दी संज्ञान लेता है? और क्या कार्रवाई की जाती है?
