श्री रामस्वरूप मेमोरियल विश्वविद्यालय का भव्य दीक्षांत समारोह सम्पन्न

7519 विद्यार्थियों को प्रदान की गई उपाधियां, 405 को मिले पदक
अमित कुमार चावला/ लखनऊ.
लखनऊ/बाराबंकी, 22 जुलाई 2026: श्री रामस्वरूप मेमोरियल विश्वविद्यालय (एसआरएमयू) का दीक्षांत समारोह बुद्धवार को गोमती नगर स्थित स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के मास ऑडिटोरियम में भव्यता के साथ आयोजित हुआ। इस गरिमामय समारोह में कुल 7,519 विद्यार्थियों को विभिन्न पाठ्यक्रमों की उपाधियां प्रदान की गईं। साथ ही शैक्षणिक उत्कृष्टता के लिए 405 विद्यार्थियों को पदक प्रदान किए गए, जिनमें 232 स्वर्ण पदक, 165 रजत पदक और 8 कुलाधिपति एवं प्रति-कुलाधिपति पदक शामिल हैं।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में प्रो. (डॉ.) भूषण पटवर्धन जी, कुलाधिपति, डेक्कन कॉलेज (डीम्ड टू बी यूनिवर्सिटी), पुणे एवं राष्ट्रीय अनुसंधान प्रोफेसर, आयुष मंत्रालय, भारत सरकार एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में भारतीय सांस्कृतिक संबंध परिषद् के पूर्व महानिदेशक एवं पूर्व राजदूत श्री अखिलेश मिश्रा जी उपस्थित थे।
विश्वविद्यालय के कुलाधिपति इं. पंकज अग्रवाल, प्रति-कुलपति इं. पूजा अग्रवल, कुलपति प्रो. (डॉ.) विजय तिवारी एवं शैक्षणिक सलाहकार आरुषी अग्रवाल तथा अतिथियों की उपस्थिति में प्रदान किये गए पदकों में कुलाधिपति पदक एवं प्रति-कुलाधिपति पदक सबसे महत्वपूर्ण रहा, यह स्वर्ण एवं रजत पदकों से पृथक विश्वविद्यालय के विशिष्ट संस्थागत अलंकरण हैं, जो उत्कृष्ट शैक्षणिक उपलब्धि, अनुकरणीय व्यक्तित्व, नेतृत्व क्षमता तथा समग्र उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर प्रदान किए जाते हैं।
इस वर्ष का एक विशेष और प्रेरणादायी पहलू यह रहा कि वर्ष 2021-22 से 2024-25 तक के सभी आठों प्रतिष्ठित पदक छात्राओं ने अपने नाम किए। कुलाधिपति पदक से सत्र 2024-25 की आद्या शर्मा (इंटीग्रेटेड बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन–बैचलर ऑफ लॉज, ऑनर्स), सत्र 2023-24 की खुशी बुद्धराज (बैचलर ऑफ टेक्नोलॉजी–क्लाउड कंप्यूटिंग एंड आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस), सत्र 2022-23 की क्रति जैन (बैचलर ऑफ टेक्नोलॉजी–बायोटेक्नोलॉजी) तथा सत्र 2021-22 की मुस्कान बुद्धराज (बैचलर ऑफ टेक्नोलॉजी–कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग) को सम्मानित किया गया। जबकि प्रति-कुलाधिपति पदक से सत्र 2024-25 की प्रणीता यादव (मास्टर ऑफ टेक्नोलॉजी– बायोटेक्नोलॉजी), सत्र 2023-24 की सौम्या सिंह (मास्टर ऑफ साइंस-केमिस्ट्री), सत्र 2022-23 की श्रेया श्रीवास्तव (मास्टर ऑफ आर्ट्स–सोशियोलॉजी) तथा सत्र 2021-22 की राहत परवीन (मास्टर ऑफ टेक्नोलॉजी–बायोटेक्नोलॉजी) को सम्मानित किया गया। इन छात्राओं की उपलब्धियों ने न केवल विश्वविद्यालय का गौरव बढ़ाया, बल्कि यह भी सिद्ध किया कि प्रतिभा, समर्पण और उत्कृष्टता के क्षेत्र में बेटियां निरंतर नए कीर्तिमान स्थापित कर रही हैं।
इसी प्रकार विश्वविद्यालय में शैक्षणिक उत्कृष्टता को प्रोत्साहित करने की परंपरा भी निरंतर सशक्त हो रही है। सत्र 2021-22 में 52 विद्यार्थियों को गोल्ड तथा 43 विद्यार्थियों को सिल्वर मेडल से सम्मानित किया गया। सत्र 2022-23 में यह संख्या बढ़कर क्रमशः 55 गोल्ड और 40 सिल्वर मेडल रही। सत्र 2023-24 में 61 विद्यार्थियों ने गोल्ड तथा 45 विद्यार्थियों ने सिल्वर मेडल अर्जित किए। वहीं, सत्र 2024-25 में 64 विद्यार्थियों को गोल्ड एवं 37 विद्यार्थियों को सिल्वर मेडल प्रदान किए जाएंगे। यह उपलब्धि विश्वविद्यालय की उत्कृष्ट शिक्षण व्यवस्था, गुणवत्तापूर्ण अकादमिक वातावरण तथा विद्यार्थियों की निरंतर मेहनत और प्रतिभा का प्रमाण है।
दीक्षांत समारोह के मुख्य अतिथि प्रो. (डॉ.) भूषण पटवर्धन ने अपने संबोधन में कहा कि यह दीक्षांत समारोह केवल उपाधि प्रदान करने का अवसर नहीं, बल्कि वर्षों के परिश्रम, अनुशासन और ज्ञान-साधना का उत्सव है। उन्होंने “रामस्वरूप” नाम की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए भारतीय ज्ञान परंपरा को अपनाने, मानसिक गुलामी से मुक्ति और आत्मसम्मान के साथ आगे बढ़ने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि एसआरएमयू के स्नातक नैतिक मूल्यों, नवाचार और सामाजिक उत्तरदायित्व को मार्गदर्शक बनाकर समाज के हर वर्ग का जीवन बेहतर बनाएंगे।
दीक्षांत समारोह के अवसर का शुभारम्भ करते हुए श्री रामस्वरूप मेमोरियल विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) विजय तिवारी ने सभी का स्वागत करते हुए विश्वविद्यालय की वर्ष 2021-22 से 2024-25 तक की चार वर्षीय विकास यात्रा का प्रगति आख्या प्रस्तुत किया, उन्होंने बताया कि इस अवधि में विश्वविद्यालय ने शैक्षणिक विस्तार, गुणवत्ता और संस्थागत विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने बताया कि वर्ष 2021-22 में विश्वविद्यालय में विद्यार्थियों की संख्या 4,764 थी, जो वर्ष 2024-25 तक बढ़कर 10,444 हो गई है। वर्तमान में विश्वविद्यालय में लगभग 12 हजार विद्यार्थी विभिन्न संकायों एवं पाठ्यक्रमों में अध्ययनरत हैं।
अपने प्रेरणादायी संबोधन में श्री रामस्वरूप मेमोरियल विश्वविद्यालय के कुलाधिपति इं. पंकज अग्रवाल ने उपाधि प्राप्त करने वाले सभी विद्यार्थियों, उनके अभिभावकों, शिक्षकों एवं विश्वविद्यालय परिवार को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि दीक्षांत समारोह केवल उपाधि प्रदान करने का अवसर नहीं, बल्कि ज्ञान, जिम्मेदारी और सामाजिक दायित्व के साथ जीवन की नई यात्रा प्रारंभ करने का महत्वपूर्ण क्षण है।
उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे अर्जित ज्ञान और कौशल का उपयोग केवल व्यक्तिगत सफलता तक सीमित न रखें, बल्कि राष्ट्र निर्माण, समाज के उत्थान और मानवता की सेवा के लिए भी समर्पित रहें। कुलाधिपति ने कहा कि श्री रामस्वरूप मेमोरियल विश्वविद्यालय का उद्देश्य ऐसे सक्षम, उत्तरदायी और मूल्यनिष्ठ युवा तैयार करना है, जो वैश्विक चुनौतियों का आत्मविश्वास के साथ सामना करते हुए भारत के विकास में सार्थक योगदान दें।
विशिष्ट अतिथि श्री अखिलेश मिश्रा अपने संबोधन में तैत्तिरीय उपनिषद् का उल्लेख करते हुए गुरु के शिष्यों को दिए गए संदेश को दोहराया। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे सत्य बोलें, धर्म (कर्तव्य एवं सदाचार) का पालन करें, निरंतर स्वाध्याय करें, समाज की उन्नति में योगदान दें, सत्य और धर्म से कभी न विचलें .
दीक्षांत समारोह में मंच संचालन परीक्षा नियंत्रक प्रो. (डॉ.) आकांक्षा निगम ने किया, इस मौके पर सभी संकायों के डीन, संस्थानों के डायरेक्टर, विभागों के विभागाध्याक्ष और शिक्षक उपस्थित रहे।

