*पीएम श्री स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय
डोंगरगांव ने भ्रामक खबरों का किया खंडन, वृक्षारोपण कार्यक्रम और छात्र से जुड़ी घटना पर दी स्पष्ट जानकारी*
*संवाददाता संगीता सिंह राजनांदगांव*

*पीएम श्री स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, डोंगरगांव ने भ्रामक खबरों का किया खंडन, वृक्षारोपण कार्यक्रम और छात्र से जुड़ी घटना पर दी स्पष्ट जानकारी*
डोंगरगांव | 4 अगस्त 2026
पीएम श्री स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय (सेजेस), डोंगरगांव प्रबंधन ने विद्यालय से संबंधित सोशल मीडिया एवं अन्य माध्यमों में प्रसारित भ्रामक खबरों का खंडन करते हुए वास्तविक स्थिति स्पष्ट की है। प्रबंधन के अनुसार, विद्यालय की छवि धूमिल करने के उद्देश्य से तथ्यों को तोड़-मरोड़कर प्रस्तुत किया जा रहा है।
विद्यालय ने बताया कि 3 अगस्त 2026 को संस्था में “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत व्यापक वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं, जनप्रतिनिधियों तथा विद्यालय प्रबंधन एवं विकास समिति (SMDC) के संयुक्त तत्वावधान में पौधारोपण किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण, प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता, सामाजिक उत्तरदायित्व तथा सेवा भाव जैसे संस्कार विकसित करना था।
प्रबंधन ने स्पष्ट किया कि वृक्षारोपण के दौरान विद्यार्थियों ने स्वेच्छा एवं उत्साहपूर्वक सहभागिता की। इसे किसी भी प्रकार से मजदूरी या श्रम कहना पूरी तरह अनुचित और भ्रामक है। विद्यालय के अनुसार, इस प्रकार की गतिविधियाँ शिक्षा का अभिन्न हिस्सा हैं, जिनसे बच्चों में जिम्मेदारी, सहयोग, अनुशासन और पर्यावरण के प्रति जागरूकता विकसित होती है।
विद्यालय ने छात्र को शिक्षिका द्वारा थप्पड़ मारने की खबर का भी स्पष्ट खंडन किया है। प्रबंधन के अनुसार, कार्य के दौरान एक छात्र द्वारा अपने साथियों के बीच अभद्र टिप्पणी किए जाने पर संबंधित शिक्षिका ने केवल उसे मौखिक रूप से समझाइश दी और भविष्य में ऐसा व्यवहार नहीं करने की चेतावनी दी। छात्र ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए आगे से ऐसी हरकत नहीं करने का आश्वासन दिया। विद्यालय ने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की मारपीट या थप्पड़ मारने की घटना नहीं हुई।
विद्यालय प्रबंधन का कहना है कि कुछ लोग तथ्यों की पुष्टि किए बिना पीत पत्रकारिता का सहारा लेकर विद्यालय की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुँचाने का प्रयास कर रहे हैं। ऐसी आधारहीन खबरें न केवल संस्था की छवि को प्रभावित करती हैं, बल्कि विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों के बीच अनावश्यक भ्रम भी उत्पन्न करती हैं।
गौरतलब है कि हाल ही में विद्यालय के प्राचार्य को जिले में 100 प्रतिशत उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम के लिए माननीय जिला कलेक्टर द्वारा सम्मानित किया गया है। विद्यालय लगातार उत्कृष्ट शैक्षणिक परिणाम, अनुशासित वातावरण और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए जाना जाता है।
विद्यालय प्रबंधन ने अभिभावकों एवं आमजन से अपील की है कि किसी भी समाचार पर विश्वास करने से पहले उसकी सत्यता की पुष्टि अवश्य करें तथा अफवाहों और भ्रामक खबरों से बचें। साथ ही, संस्था ने दोहराया कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, नैतिक मूल्यों और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए ऐसे रचनात्मक कार्यक्रम भविष्य में भी निरंतर आयोजित किए जाते रहेंगे।


